खेड़ली में नगरपालिका का अतिक्रमण रोधी अभियान, सड़क पर रखा सामान जब्त
खेड़ली (अलवर)
नगरपालिका द्वारा शहर में अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क और आम रास्तों में सामान रखकर आवागमन बाधित करने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई।
नगरपालिका की अतिक्रमण रोधी टीम ने हिंडौन रोड स्थित पुरानी अनाज मंडी क्षेत्र में कार्रवाई की, जहां दुकानदारों द्वारा सड़क पर होर्डिंग, सामान और तिरपाल लगाकर रास्ता संकरा कर दिया गया था। इसके चलते पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रहती थी और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
अधिशाषी अधिकारी नरसी मीणा, जेईएन मुकेश मीणा और सफाई निरीक्षक विजय शर्मा के नेतृत्व में टीम ने सड़क पर रखे सामान को जब्त किया। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों के होर्डिंग, बक्से, ड्रम और पानी की टंकियां हटाकर कब्जे में ली गईं।
नगरपालिका अधिशाषी अधिकारी नरसी मीणा ने बताया कि अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि आमजन को यातायात और आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।