अलवर मिनी सचिवालय को बम से उड़ाने की तीसरी धमकी, ई-मेल से मचा हड़कंप, सघन तलाशी के बाद भी कुछ नहीं मिला…
अलवर मिनी सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद एक बार फिर प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। यह धमकी सोमवार सुबह 7 बजकर 31 मिनट पर जिला कलेक्टर की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजी गई। सूचना मिलते ही एसपी सुधीर चौधरी के निर्देश पर मिनी सचिवालय परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, हालांकि जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
खास बात यह रही कि जिस समय धमकी भरा ई-मेल मिला, उसी परिसर में एडीजीपी विकास बंसल पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ले रहे थे। सुरक्षा के मद्देनज़र पूरे परिसर को अलर्ट कर दिया गया और कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
एडीएम सिटी बीना महावर ने बताया कि धमकी भरी मेल की जानकारी मिलते ही पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। मेटल डिटेक्टर टीम को भी बुलाया गया, जिसने परिसर के अलग-अलग हिस्सों में जांच की, लेकिन फिलहाल कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
एडीएम सिटी ने बताया कि ई-मेल के कंटेंट में “पाकिस्तान और तमिलनाडु का बदला” शीर्षक लिखा गया था और जिला कलेक्ट्रेट में बड़े धमाके की चेतावनी दी गई थी। मेल तमिलनाडु की आईपी एड्रेस से भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। एहतियातन सभी कर्मचारियों को अलर्ट किया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
गौरतलब है कि इससे पहले भी दो बार अलवर मिनी सचिवालय को इसी तरह बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। पिछली घटनाओं में भी मुकदमा दर्ज कराया गया था, लेकिन अब तक किसी ठोस नतीजे पर जांच नहीं पहुंच सकी है।
लगातार तीसरी बार आई इस धमकी ने एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि हर बार जांच में कुछ भी न मिलने से यह आशंका भी जताई जा रही है कि यह इंटेलिजेंस एजेंसियों का ध्यान भटकाने की साजिश हो सकती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।