CTH विस्तार पर बवाल! जूली ने सरकार पर लगाया बड़ा आरोप….
अलवर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने गुरुवार को मोती डूंगरी स्थित अपने कार्यालय पर जनसुनवाई आयोजित की। बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनमें से कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
जनसुनवाई के बाद मीडिया से बातचीत में जूली ने सरकार पर सरिस्का के सीटीएच विस्तार को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार बिना आपत्तियां आमंत्रित किए सीधे प्रस्ताव पारित करने की तैयारी में है, इस क्षेत्र की खानों को लाभ पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे है
साथ ही उन्होंने चेताया कि जिस क्षेत्र को बढ़ाया जा रहा है सीटीएच लागू होने से रजिस्ट्री पर रोक लग सकती है। न तो लोग जमीन खरीद पाएंगे, न बेच सकेंगे, न ही मकान निर्माण या अन्य व्यवसायिक गतिविधियां कर पाएंगे। “सरकार इस पूरे मामले को चुपके-चुपके निपटाना चाहती है, जो गलत है और जनता इसके खिलाफ है,” उन्होंने कहा।
नेता प्रतिपक्ष ने आगे आरोप लगाया कि सरकार एक ओर माइनिंग एरिया खोलने की तैयारी कर रही है, वहीं गरीबों की जमीन को सीटीएच के दायरे में लाकर नुकसान पहुंचाने की कोशिश हो रही है। जूली बोले—“इसमें बड़ा खेल हो रहा है। मैं पहले भी इस मामले को लेकर उच्च स्तर तक गया हूं और अब भी चुप नहीं बैठूंगा।”