महिला कर्मचारी से छेड़छाड़ का आरोप—ऑफिस में मेडिकल अफसर की धुनाई, वीडियो वायरल…
महाराष्ट्र के नांदेड़ में एक सरकारी मेडिकल अधिकारी की उनके ही कार्यालय में पिटाई का वीडियो सामने आया है। अधिकारी पर अस्पताल की महिला कर्मचारी से छेड़छाड़ और मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है।
ऑफिस में घुसकर मेडिकल अफसर पर हमला
नांदेड़ शहर के कौठा इलाके स्थित नगर निगम अस्पताल में तैनात मेडिकल ऑफिसर बालाप्रसाद कुंटूरकर पर एक महिला कर्मचारी ने उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। आरोप लगने के बाद महिला के परिजनों ने ऑफिस में घुसकर उनकी पिटाई कर दी। घटना के बाद महिला शिकायत निवारण समिति ने जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो में दिखे कई थप्पड़
वीडियो में देखा गया कि दो पुरुष और कुछ महिलाएं अफसर के कमरे में खड़ी थीं। कुंटूरकर अपने चेयर पर शांत बैठे थे, तभी सफेद शर्ट पहने एक व्यक्ति ने अचानक उनके चेहरे पर जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। थोड़ा संभलने से पहले ही दूसरे व्यक्ति ने भी उन पर हाथ उठाने की कोशिश की।
बचाव की कोशिश भी नाकाम रही
अधिकारी ने दोनों लोगों के हाथ पकड़कर खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावर पीछे नहीं हटे और एक के बाद एक कई थप्पड़ मारते रहे। पूरा घटनाक्रम वहीं मौजूद एक व्यक्ति मोबाइल कैमरे पर रिकॉर्ड कर रहा था।
कर्सी से उठने नहीं दिया, धक्का देकर बैठाया
वीडियो में यह भी दिखा कि कुंटूरकर कई बार कुर्सी से उठकर निकलने की कोशिश करते हैं, लेकिन दोनों पुरुष उन्हें धक्का देकर वापस बैठा देते हैं। बाद में अधिकारी ने भी मोबाइल उठाकर खुद रिकॉर्डिंग शुरू कर दी।
महिलाओं ने लगाते रहे गंभीर आरोप
मारपीट के दौरान ऑफिस में मौजूद महिलाएं लगातार मेडिकल अधिकारी पर छेड़छाड़ और उत्पीड़न के आरोप लगाती रहीं। घटना रिकॉर्ड होने के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया गया, जो अब तेज़ी से वायरल है।
घटना सामने आने के बाद महिला शिकायत निवारण समिति ने जांच शुरू कर दी है। मामले को लेकर स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी तथ्य जुटा रही है। फिलहाल अफसर के खिलाफ लगे आरोप और मारपीट—दोनों ही मुद्दे जांच के दायरे में हैं।