अवैध खनन के तेज रफ्तार वाहन बने खतरा: बाईक सवार दो युवक कुचले, हालत गंभीर…
अलवर जिले में अवैध खनन से जुड़े तेज रफ्तार वाहन लगातार हादसों का कारण बन रहे हैं। सोमवार अलसुबह भिवाड़ी के शेखपुर थाना क्षेत्र के पिपलाना गांव के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। हादसे में कजरिया टाइल फैक्ट्री में काम करने वाले शाहिद और इरशाद गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घायल युवकों के भाई सलमान ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे दोनों भाई काम पर जाने के लिए बाइक से निकले थे। रास्ते में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज गति में पीछे से आई और उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर जा गिरे। सलमान के अनुसार ट्रैक्टर बिना हेडलाइट के चल रहा था, सिर्फ एक छोटी एलईडी लाइट जल रही थी, जिसके कारण दूरी से वाहन दिखाई ही नहीं दे रहा था।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों घायल युवकों को तुरंत भिवाड़ी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें अलवर रेफर कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध खनन का गोरखधंधा खुलेआम चल रहा है और पुलिस कोई सख्त कार्रवाई नहीं करती। खनन में लगे वाहन ओवरलोड होकर तेज रफ्तार में सड़कों पर दौड़ते हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं।