हुमायूं कबीर का ऐलान और बाबरी मस्जिद पर नया विवाद…
पश्चिम बंगाल के टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर ने हाल ही में घोषणा की कि वे मुर्शिदाबाद में 6 दिसंबर को बाबरी मस्जिद का शिलान्यास करेंगे। उन्होंने कहा कि मस्जिद का निर्माण तीन साल में पूरा किया जाएगा। इस ऐलान के बाद राजनीतिक घमासान मचा है और बीजेपी, कांग्रेस, हिंदू संगठन और मुस्लिम समुदाय के कुछ हिस्सों ने टीएमसी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
बिहार के मंत्री मंगल पांडेय का तंज….
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि टीएमसी हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का काम करती है। उनका आरोप है कि ममता बनर्जी घुसपैठियों और उनके समर्थकों के वोट पर आश्रित रहती हैं और इस प्रकार के बयान केवल वोट बैंक बनाने के उद्देश्य से दिए जाते हैं।
बीजेपी सांसद भीम सिंह का कड़ा बयान….
राज्यसभा सांसद भीम सिंह ने कहा कि टीएमसी का यह कदम अपने लिए राजनीतिक गड़बड़ी पैदा करेगा। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि बिहार में महागठबंधन की यही गलत रणनीति उसकी हार का कारण बनी थी। मुस्लिम समुदाय को इस मामले में सक्रिय होने की जरूरत है।
लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर का आरोप….
यूपी के लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि यह बाबरी मस्जिद का ऐलान टीएमसी की ‘अंतिम सांसें’ गिन रही राजनीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र भगवान राम का देश है और बाबर के नाम पर कोई नई मस्जिद नहीं बनेगी।
कांग्रेस नेता हुसैन दलवाई का विश्लेषण….
कांग्रेस नेता हुसैन दलवाई ने कहा कि बाबरी मस्जिद पर बार-बार सवाल उठाना गलत है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार को धार्मिक भावनाओं को भड़काने की बजाय शिक्षा, रोजगार और कल्याणकारी योजनाओं पर ध्यान देना चाहिए।
विहिप का प्रतिक्रिया: मंदिर वहीं, मस्जिद नहीं….
विश्व हिंदू परिषद के प्रवक्ता विनोद बंसल ने टीएमसी के इस ऐलान को भारत विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि ‘मंदिर वहीं, मस्जिद नहीं’ का नारा अब भी प्रासंगिक है और हुमायूं कबीर का कदम सांप्रदायिक राजनीति को बढ़ावा देता है।
ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन की राय…..
मौलाना साजिद रशीदी ने कहा कि मस्जिद की हैसियत अयोध्या में ही रहती है और बाबरी मस्जिद के नाम पर नई मस्जिदें बनाने से उसकी महत्वता कम नहीं होगी।
केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार की चिंता….
सुकांत मजूमदार ने कहा कि हुमायूं कबीर जैसे नेता हिंदुओं को डराने और धमकाने की कोशिश कर रहे हैं। उनका कहना है कि बंगाल के भाईचारे को नुकसान पहुंचाने वाले कदम उठाए जा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की प्रतिक्रिया….
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बाबर विदेशी आक्रांता था, जिसने राम जन्मभूमि पर मंदिर तोड़कर मस्जिद खड़ी की। उन्होंने टीएमसी, कांग्रेस और अन्य पार्टियों को हिंदू-विरोधी बताया और कहा कि बाबर के नाम पर कोई ईंट नहीं रखी जाएगी।
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री का निशाना….
विजय शर्मा ने टीएमसी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी देश की सनातनी परंपराओं और बहुसंख्यक समाज को दबाने की कोशिश कर रही है।
अयोध्या के संतों का विरोध….
करपात्री महाराज और महामंडलेश्वर विष्णु दास ने टीएमसी विधायक के बयान का विरोध किया। उनका कहना है कि बाबर के नाम पर मस्जिद बनाने का ऐलान लोगों की आस्था को ठेस पहुंचाता है और यह स्वीकार्य नहीं है।
जगद्गुरु परमहंस आचार्य का सख्त संदेश….
जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद विवाद खत्म हो चुका है और बाबर के नाम पर कोई भी दुस्साहस करने वाला असली परिणाम भुगतेगा।
इकबाल अंसारी का विचार….
अयोध्या मामले के पैरोकार इकबाल अंसारी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने मस्जिद के लिए जमीन दी और मुस्लिम समुदाय ने इसे सम्मान दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि धार्मिक और राजनीतिक मामलों को वोट बैंक के लिए भुनाना गलत है।
सोहनलाल आर्य की प्रतिक्रिया….
ज्ञानवापी मामले के याचिकाकर्ता सोहनलाल आर्य ने कहा कि बंगाल में बाबरी मस्जिद बनाने का ऐलान गलत है। उन्होंने सुझाव दिया कि मस्जिद का नाम किसी राष्ट्रवादी या स्थानीय मुस्लिम व्यक्तित्व के नाम पर रखा जाए, ताकि विवाद से बचा जा सके।