#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

अलवर में दिनदहाड़े बड़ी लूट: शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र में ज्वेलर्स की दुकान को बनाया निशाना…

अलवर के शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र में टेल्को चौराहे के पास शनिवार दोपहर दिनदहाड़े तीन हथियारबंद बदमाशों ने राधा ज्वेलर्स की दुकान में धावा बोलकर करीब 40 लाख रुपए मूल्य का सोना-चांदी लूट लिया। वारदात इतनी तेज़ी से हुई कि महज़ दो से तीन मिनट में बदमाश दुकान से 350 ग्राम सोना और करीब 2 किलो चांदी लेकर फरार हो गए।

दुकान मालिक मोहनलाल सोनी के अनुसार, दोपहर करीब 3 बजे एक बदमाश पहले दुकान में घुसा और आते ही उसके गले पर दरांती लगा दी। उसने धमकी दी— “हिलना मत, वरना गला काट दूंगा।”
इस बीच दूसरा बदमाश तिजोरी में रखा सारा सोना-चांदी बैग में भरने लगा। तीसरा बदमाश पिस्टल लेकर दुकान के बाहर खड़ा हो गया और आने-जाने वालों को धमकाने लगा— “दूर हट जाओ, नहीं तो गोली मार दूंगा।”

मोहनलाल के गले पर दरांती लगी रहने से उन्हें चोट भी आई है।

प्रत्यक्षदर्शी कमल सिंह ने बताया कि दुकान से “बचाओ-बचाओ” की आवाज सुनकर वह मौके पर दौड़े। लेकिन जैसे ही वे पास पहुंचे, बाहर खड़े बदमाश ने उन्हें धमकाया— “गोली मार दूंगा, पीछे हट जाओ!”
अंदर झांककर देखा तो ज्वेलर के गले पर दरांती लगी हुई थी और बदमाश तिजोरी से माल भर रहे थे।

वारदात के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के CCTV फुटेज खंगालने शुरू किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों के हुलिए और उनके भागने की दिशा की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा

कमल सिंह, प्रत्यक्षदर्शी ने बताया “दुकान से बचाओ की आवाज आई तो हम दौड़े। बाहर खड़े बदमाश ने हमें धमकाया कि गोली मार दूंगा। अंदर देखा तो सोनी जी के गले पर दरांती लगी थी।”

“तीन बदमाश आए। एक ने मेरे गले पर दरांती लगा दी। दूसरा तिजोरी से सोना-चांदी भरने लगा। तीसरा बाहर पिस्टल लेकर लोगों को धमका रहा था। दो-तीन मिनट में सारा माल लूट ले गए।”

“वारदात गंभीर है। CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बदमाशों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। जल्द गिरफ्तारी होगी।”

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *