जिला कलक्टर ने केंद्रीय बस स्टैंड पर आधुनिक मातृ एवं शिशु सुविधा केंद्र का उद्घाटन कियाफीडिंग रूम से लेकर एसी व टॉयलेट तक—महिलाओं के लिए सुरक्षित व सम्मानजनक स्पेस तैयार….
अलवर, 21 नवंबर
केंद्रीय बस स्टैंड अलवर पर महिलाओं और बच्चों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बुधवार को मातृ एवं शिशु सुविधा केंद्र (बेबी केयर सेंटर) का उद्घाटन किया। पूरी तरह वातानुकूलित यह केंद्र आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है और सार्वजनिक स्थानों पर महिला यात्रियों की सुविधा के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
35 लाख की लागत से तैयार अत्याधुनिक केंद्र
जिला कलक्टर ने बताया कि बस स्टैंड पर रोजाना बड़ी संख्या में महिलाएं सफर करती हैं, लेकिन खुले में बच्चों को फीड कराना हमेशा चिंता और असुविधा का कारण रहा है। इसी समस्या को समझते हुए नगर विकास न्यास की ओर से करीब 35 लाख रुपए की लागत से यह मॉडर्न बेबी केयर सेंटर बनाया गया है।
यह केंद्र पूरी तरह एसी है और इसमें— फीडिंग रूम , वेटिंग रूम , ड्रेसिंग रूम , बच्चों के खेलने की जगह , आधुनिक टॉयलेट जैसी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं। केंद्र का संचालन और रखरखाव सीएसआर फंड के माध्यम से किया जाएगा, वहीं Roadways की महिला कर्मचारी यहां व्यवस्था संभालेंगी।
डॉ. शुक्ला ने बताया कि जिला कलक्टर कार्यालय परिसर में भी पिछले एक वर्ष से महिला अधिकारियों के सहयोग से बेबी केयर सेंटर संचालित किया जा रहा है, जिससे यह व्यवस्था और भी मजबूत हुई है।
केंद्र खुलते ही पहुंचीं महिलाएं, कहा—“सम्मानजनक माहौल में फीडिंग की सुविधा मिली”
शुभारंभ के बाद तुरंत ही बहादुरपुर निवासी कोमल और कुसुम अपने छोटे बच्चों के साथ केंद्र पहुंचीं। जयपुर जाने के दौरान बस स्टैंड पर यह सुविधा देखकर दोनों बहनें काफी खुश नजर आईं। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान बच्चों को दूध पिलाने में अक्सर परेशानी होती थी, लेकिन अब जिला प्रशासन ने सुरक्षित, निजी और आधुनिक स्थान उपलब्ध कराकर बड़ी राहत दी है। उन्होंने इस पहल के लिए प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर नगर विकास न्यास की सचिव धायगुडे स्नेह नाना, अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) श्रीमती बीना महावर, यूआईटी अधीक्षण अभियंता तैयब खान, पर्यटन विभाग की उपनिदेशक टीना यादव, पीडब्ल्यूडी अधिशासी अभियंता श्रीमती अल्का व्यास, यूआईटी अधिशासी अभियंता अशोक मदान, मत्स्य नगर आगार के मुख्य प्रबंधक कुलदीप शर्मा, अलवर आगार की मुख्य प्रबंधक सपना मीणा सहित कई अधिकारी तथा बड़ी संख्या में महिलाएं व आमजन मौजूद रहे।