#क्राइम #देश दुनिया #पॉलिटिक्स #राज्य-शहर #हेल्थ न्यूज़

लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास भीषण धमाका, नौ की मौत, कई घायल…

नई दिल्ली में सोमवार दोपहर लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर एक के पास एक कार में अचानक जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना तीव्र था कि आसपास अफरातफरी मच गई और घटना स्थल पर धुएं का बड़ा गुबार उठ गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, धमाके में नौ लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
तीन अन्य वाहन भी चपेट में आए, आग से मचा हड़कंप
धमाके की चपेट में आसपास खड़ी तीन गाड़ियां भी आ गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते वाहनों में लपटें उठने लगीं। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। कुछ ही मिनटों में दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को घेरकर आवाजाही रोक दी है।

संदिग्ध कार से उठे सवाल, जांच में जुटी स्पेशल सेल
सूत्रों के मुताबिक, धमाका जिस कार में हुआ, वह लाल रंग की सेडान बताई जा रही है। कार में किस प्रकार का विस्फोटक पदार्थ था, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। सादिक नगर स्थित दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ साक्ष्य जुटा रही है। फिलहाल किसी आतंकी एंगल से भी इंकार नहीं किया जा रहा है।

दिल्ली पुलिस ने जारी किया अलर्ट, जांच जारी
दिल्ली पुलिस ने घटना के बाद राजधानी के सभी संवेदनशील इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि धमाके से ठीक पहले की गतिविधियों का सुराग मिल सके। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि कार में कोई व्यक्ति मौजूद था या उसे बाहर से रिमोट के जरिए उड़ाया गया।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *