#राज्य-शहर

चूरू: ट्रेडमिल पर दौड़ते समय गिरे सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य, अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित

राजस्थान के चूरू जिले के सरदारशहर में जिम में एक्सरसाइज करते समय सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य बीरबलराम मेघवाल की अचानक मौत हो गई। वे ट्रेडमिल पर दौड़ रहे थे, तभी अचानक नीचे गिर पड़े। जिम में मौजूद लोग उन्हें राजकीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। बीरबलराम अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं।

बेटी के साथ जिम पहुंचे थे प्रधानाचार्य

बीरबलराम मेघवाल नीमरासर गांव के निवासी थे और परिवार के साथ सरदारशहर में रहते थे। वे आसपालसर गांव के सरकारी स्कूल में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत थे।राजस्थान शिक्षक संघ के महामंत्री विजय पोटलिया के अनुसार, बीरबलराम मंगलवार शाम करीब 6 बजे अपनी बेटी के साथ जिम पहुंचे थे। करीब एक घंटे बाद ट्रेडमिल पर दौड़ते समय वे अचानक गिर पड़े। जिम में मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा सके।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

सरदारशहर उप जिला अस्पताल के प्रभारी डॉ. चंद्रभान जांगिड़ ने बताया कि बीरबलराम को मंगलवार शाम इमरजेंसी में लाया गया था। चिकित्सकों ने जांच की तो उनकी मौत हो चुकी थी।इसके बाद शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। बुधवार सुबह परिजनों के पहुंचने पर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी स्पष्ट

पुलिस के अनुसार, परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की गई है। शुरुआती जानकारी में ट्रेडमिल से गिरने के दौरान सिर में चोट लगने की बात सामने आई है।हालांकि, उनकी मौत सिर में चोट लगने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण था, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए पीछे

बीरबलराम मेघवाल आसपालसर गांव के सरकारी स्कूल में प्रधानाचार्य के रूप में सेवाएं दे रहे थे। उनका कार्यस्थल सरदारशहर से करीब 15 किलोमीटर दूर बताया गया है।उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार में शोक छा गया। उनके निधन की खबर से स्कूल और क्षेत्र के परिचितों में भी दुख का माहौल है।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *