#क्राइम #राज्य-शहर

डूंगरपुर में अजब चोरी: मालिक के घर से 3 लाख चुराकर पूर्व नौकर ने खरीद ली कार

डूंगरपुर। राजस्थान के डूंगरपुर जिले में चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के बालाडीट स्थित श्रीनाथ बंग्लोज में करीब एक महीने पहले हुई 3 लाख रुपए की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने पूर्व नौकर कुंश पुत्र शंकरलाल ननोमा को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने पूर्व मालिक के घर से नकदी चुराई और उसी रकम से अपने लिए कार खरीद ली। पुलिस ने चोरी की रकम से खरीदी गई कार और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी भी बरामद कर ली है।

घर सूना देखकर चुराए 3 लाख रुपए

कोतवाली थानाधिकारी हिमांशु सिंह राजावत के अनुसार, श्रीनाथ बंग्लोज निवासी दीपक पुत्र वेला घोगरा ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, 10 सितंबर की शाम दीपक किसी काम से अस्पताल गए थे। उस समय उनकी पत्नी और बच्चे भी बाजार गए हुए थे।घर खाली होने का फायदा उठाकर अज्ञात व्यक्ति ने कमरे में रखे 3 लाख रुपए चुरा लिए। परिवार के लौटने पर चोरी का पता चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पूर्व नौकर पर पुलिस को हुआ शक

पुलिस ने शिकायत के बाद आसपास के लोगों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस ने रिच्छा निवासी और वर्तमान में लक्ष्मी नगर हॉस्पिटल क्षेत्र में रहने वाले कुंश को हिरासत में लिया।पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। जांच में सामने आया कि कुंश पहले दीपक के घर पर नौकर के रूप में काम करता था। इस वजह से उसे घर की अलमारियों की चाबियों और नकदी रखने की जगह की जानकारी थी।

चोरी की रकम से खरीदी कार

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घर से चुराए गए 3 लाख रुपए से कार खरीद ली थी। चोरी की रकम से खरीदे गए वाहन को पुलिस ने जब्त कर लिया है।इसके अलावा वारदात के दौरान इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद की गई है। पुलिस अब बरामद वाहनों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है।

पुलिस कर रही अन्य वारदातों की जांच

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या वह पहले भी चोरी की किसी अन्य घटना में शामिल रहा है। इसके लिए उसके पुराने रिकॉर्ड और संभावित आपराधिक गतिविधियों की जांच की जा रही है।फिलहाल पुलिस ने चोरी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की जांच में वारदात से जुड़े अन्य तथ्य सामने आने की उम्मीद है।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *