हनुमानगढ़ में दर्दनाक हादसा, मां ब्रह्माणी के दर्शन करने जा रहे एक ही परिवार के 3 युवकों की मौत
हनुमानगढ़। राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में रविवार अलसुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा पल्लू-नोहर मेगा हाईवे पर झेदासर और माहेला गांव के बीच हुआ। मां ब्रह्माणी के दर्शन करने के लिए पैदल जा रहे चार युवकों को पीछे से आई तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायल युवक को उपचार के लिए रेफर किया गया है। हादसे के बाद किकरालिया गांव में शोक की लहर फैल गई।
मां ब्रह्माणी के दर्शन करने जा रहे थे युवक
पल्लू थाना प्रभारी जगदीश के अनुसार, रावतसर तहसील के किकरालिया गांव से चार युवक रविवार अलसुबह मां ब्रह्माणी के दर्शन के लिए पैदल निकले थे। शारदीय नवरात्र के अवसर पर वे मंदिर में धोक लगाने और मन्नत मांगने जा रहे थे।इसी दौरान पल्लू से करीब 16 किलोमीटर दूर झेदासर और माहेला गांव के बीच पल्लू-नोहर मेगा हाईवे पर हादसा हो गया। पीछे से तेज रफ्तार में आई पिकअप ने पैदल जा रहे युवकों को टक्कर मार दी।
तीन युवकों की मौके पर मौत, एक गंभीर घायल
हादसे में किकरालिया गांव निवासी अशोक (21) पुत्र राजू, अजय (27) पुत्र हंसराज और मोहित (22) पुत्र कुलदीप की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, रुपेश (25) पुत्र दयाराम गंभीर रूप से घायल हो गया।घायल रुपेश को उपचार के लिए रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए चारों युवक एक ही परिवार के चाचा-ताऊ के बेटे थे। एक ही परिवार के तीन युवकों की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
पिकअप छोड़कर फरार हुआ चालक
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, पीछे से आ रहे एक कार चालक ने पिकअप का पीछा किया और उसे रुकवा लिया। हालांकि, तब तक चालक मौके से भाग निकला था।सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, चालक की तलाश जारी
मृतकों के परिजनों ने पुलिस थाने में मर्ग दर्ज कराने के साथ अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।अब पुलिस फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। हादसे के कारणों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।