#राज्य-शहर

डूंगरपुर में सड़क हादसे में नवविवाहित दंपती की मौत, तीन महीने पहले हुई थी शादी

डूंगरपुर जिले में हुए सड़क हादसे में नवविवाहित पति-पत्नी की मौत हो गई। हादसा डूंगरपुर-सीमलवाड़ा मार्ग पर धंबोला अस्पताल के पास मंगलवार शाम हुआ। बाइक से जा रहे दंपती को सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में पत्नी पायल की अस्पताल पहुंचने के बाद मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल पति पंकज को बेहतर उपचार के लिए मोडासा ले जाया गया। इलाज के दौरान रात करीब 1:45 बजे उसकी भी मौत हो गई। दोनों की शादी करीब तीन महीने पहले हुई थी।

कार की टक्कर से हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार बेडसा निवासी पंकज पुत्र प्रभु कटारा अपनी पत्नी पायल के साथ बाइक से धंबोला से सीमलवाड़ा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर गए। हादसे में पंकज को गंभीर चोटें आईं। उसके पैर में भी चोट बताई गई है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

अस्पताल में पत्नी की मौत

हादसे की सूचना मिलते ही धंबोला थाना अधिकारी चंद्रशेखर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए सीमलवाड़ा अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने पायल को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पंकज की हालत गंभीर होने के कारण उसे आगे रेफर किया गया। परिजन उसे उपचार के लिए मोडासा अस्पताल लेकर पहुंचे।

इलाज के दौरान पति ने भी दम तोड़ा

मोडासा अस्पताल में पंकज का उपचार चल रहा था। देर रात करीब 1:45 बजे उसने भी दम तोड़ दिया। पति-पत्नी की मौत की सूचना के बाद परिवार में शोक की स्थिति बन गई। परिजनों के अनुसार दोनों की शादी को करीब तीन महीने दस दिन ही हुए थे। घटना के बाद उनके गांव में भी मातम छा गया।

परिवार के सामने आर्थिक संकट

परिजनों के अनुसार पंकज परिवार की जिम्मेदारी संभालता था और छोटे-मोटे रोजगार से घर चलाता था। उसके पिता की करीब दो वर्ष पहले अहमदाबाद में सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी। परिवार में उसका बड़ा भाई शारीरिक रूप से कमजोर बताया गया है। पंकज की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक और पारिवारिक जिम्मेदारियों को लेकर चिंता बढ़ गई है।

चालक को बुलाने की मांग

हादसे के बाद बुधवार को पायल के पीहर पक्ष और बेडसा क्षेत्र के ग्रामीण धंबोला थाने के बाहर एकत्र हुए। ग्रामीण कार चालक को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। दोनों शव सीमलवाड़ा मोर्चरी में रखवाए गए। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *