#धार्मिक #राज्य-शहर

Bundi News: विघ्नहर्ता की महा विदाई पर नम हुई आंखें, ढोल-नगाड़ों के साथ निकली शोभायात्रा

छोटीकाशी बूंदी में गणपति बप्पा की महा विदाई के साथ गणेश महोत्सव का समापन हो गया। अनंत चतुर्दशी पर शुक्रवार को सुबह से देर रात तक शहर और जिलेभर में ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारे गूंजते रहे। इस बार गणेश महोत्सव करीब 12 दिनों तक चला। शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से एक हजार से अधिक छोटी-बड़ी गणेश प्रतिमाओं का विभिन्न जलाशयों में विसर्जन किया गया। अलग-अलग इलाकों से निकली शोभायात्राओं में ढोल-नगाड़े, डीजे, डांडिया और अखाड़ा प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहे। उत्साह के बीच बप्पा की विदाई पर श्रद्धालुओं की आंखें भी नम नजर आईं।

शहरभर में निकली गणपति विसर्जन शोभायात्राएं

अनंत चतुर्दशी के मौके पर बूंदी शहर के अलग-अलग हिस्सों से गणेश प्रतिमाओं की विसर्जन यात्राएं निकलीं। सुबह से ही श्रद्धालु प्रतिमाओं के साथ जलाशयों की ओर रवाना होने लगे थे।कहीं महिलाएं ढोल-नगाड़ों की थाप पर डांडिया खेलते हुए नजर आईं तो कहीं युवा डीजे की धुन पर नाचते-गाते बप्पा को विदा करने पहुंचे। कई जगह युवाओं ने अखाड़ा प्रदर्शन भी किया।

एक हजार से ज्यादा प्रतिमाओं का विसर्जन

शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में घरों और सार्वजनिक स्थानों पर स्थापित की गई छोटी-बड़ी गणेश प्रतिमाओं का विभिन्न जलाशयों में विसर्जन किया गया।श्रद्धालु प्रतिमाओं को लेकर जैतसागर तालाब, नवल सागर और मांगली नदी सहित निर्धारित विसर्जन स्थलों पर पहुंचे। यहां धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।

बच्चों और युवतियों में भी दिखी आस्था

गणपति विसर्जन के दौरान छोटे बच्चों में भी खास उत्साह देखने को मिला। कई बच्चों ने घरों में स्थापित गणेश प्रतिमाओं को अपने हाथों से जलाशय तक पहुंचाया और विसर्जन किया।वहीं कई युवतियों ने बप्पा को विदा करने से पहले उनके कान में अपनी मनोकामना कही। विसर्जन के दौरान श्रद्धालु लगातार गणपति बप्पा मोरया के जयकारे लगाते रहे।

भूरा गणेश मंदिर से निकली मुख्य शोभायात्रा

बूंदी में गणेश महोत्सव समिति की ओर से निकाली गई शोभायात्रा मुख्य आकर्षण रही। दोपहर बाद भूरा गणेश मंदिर से शोभायात्रा रवाना हुई।शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जैतसागर तालाब पहुंची। यहां मंगलमूर्ति गणेश की प्रतिमा का श्रद्धापूर्वक विसर्जन किया गया।

पुष्प वर्षा से हुआ शोभायात्रा का स्वागत

शोभायात्रा में बैंड-बाजे और ढोल की थाप के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। समिति से जुड़े पदाधिकारी और कार्यकर्ता ‘मोरया-मोरया’ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे।शहर के विभिन्न स्थानों पर व्यापारियों और आमजन ने शोभायात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया।

समिति पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

गणेश महोत्सव समिति के प्रवक्ता अभिषेक जैन के अनुसार शोभायात्रा में उपसभापति संजय भूटानी, समिति अध्यक्ष विजयंत सिंह आमेरा, संरक्षक रोशन बड़़कत्या, भाजपा शहर अध्यक्ष राजकुमार श्रृंगी, पूर्व पालिका अध्यक्ष भगवान लाडला सहित कई लोग मौजूद रहे।पार्षद पेंशु सिंह, केसी वर्मा, राजकुमार दाधीच समेत बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु भी शोभायात्रा में शामिल हुए।

विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से प्रमुख जलाशयों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।जैतसागर, नवल सागर और अन्य विसर्जन स्थलों पर पुलिस बल के साथ एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीमें तैनात रहीं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग और लाइटिंग की व्यवस्था भी की गई।

देर रात तक शांतिपूर्ण तरीके से हुआ विसर्जन

प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में देर रात तक गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन जारी रहा। सुरक्षा टीमों ने जलाशयों के आसपास लगातार निगरानी रखी।बूंदी में गणेश महोत्सव के समापन के साथ शहर में भक्तिमय माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने बप्पा को अगले वर्ष जल्द आने की कामना के साथ विदाई दी।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *