जोधपुर में जातरुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 30 घायल; 6 की हालत गंभीर
जोधपुर-जैसलमेर हाईवे-125 पर सोमवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। आगोलाई के पास तोलेसर में रामदेवरा से दर्शन कर लौट रहे जातरुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक पलट गई। हादसे में करीब 30 लोग घायल हो गए, जबकि 6 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया।
ओवरटेक के दौरान हादसे की आशंका
जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार रात करीब 10 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, संभवत: ओवरटेक करने के दौरान किसी वाहन की टक्कर लगने से ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई।
ट्रॉली के पलटते ही उसमें सवार जातरू सड़क पर गिर गए। अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हालांकि राहत की बात रही कि कोई भी व्यक्ति ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे नहीं दबा।
स्थानीय युवाओं ने पहुंचकर की मदद
हादसे की सूचना मिलते ही आगोलाई के स्थानीय युवा मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना देने के साथ घायलों को बाहर निकालने और अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
आगोलाई पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को एंबुलेंस के जरिए आगोलाई पीएचसी भेजा गया। बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने से अस्पताल में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
8 एंबुलेंस से घायलों को जोधपुर भेजा
घायलों की संख्या अधिक होने के कारण आगोलाई पीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जोधपुर रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार करीब 8 एंबुलेंस की मदद से घायलों को जोधपुर भेजा गया।
अस्पताल स्टाफ के साथ ग्रामीणों ने भी घायलों को उपचार दिलाने और उन्हें रेफर कराने में सहयोग किया। गंभीर रूप से घायल छह लोगों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
सभी जातरू मध्यप्रदेश के राजगढ़ के निवासी
आगोलाई चौकी प्रभारी एएसआई सहीराम विश्नोई ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी जातरू मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के रहने वाले थे। सभी रामदेवरा में दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे।
घायलों में कैलाश पुत्र जगन्नाथ, मिथुन पुत्र बजरंगीनाथ, द्रोपदी पत्नी रतनलाल, राजुबाई पत्नी रमेश और बनवारी पुत्र पर्वतराम सहित करीब 30 लोग शामिल बताए गए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। प्रारंभिक तौर पर ओवरटेक के दौरान किसी वाहन की टक्कर लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हादसे का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
पुलिस घटनास्थल की परिस्थितियों और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।
चार दिन पहले महिला जातरू की हुई थी मौत
इसी बीच जोधपुर में एक अन्य सड़क हादसे से जुड़ा मामला भी सामने आया है। झालामंड चौराहे पर चार दिन पहले डंपर की टक्कर से महिला जातरू मंजेश की मौत हो गई थी। अब उसके पति रामनिवास ने कुड़ी भगतासनी थाने में डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
रिपोर्ट में चालक पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया गया है। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने रास्ता जाम कर डंपर में आग लगा दी थी। पुलिस ने इस मामले में मो. सदीक, श्रवणराम, जसवंत और गोविंद को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया था।