निर्माणाधीन मकान की छत गिरी, छह घायल, सीमेंट की गुणवत्ता पर उठे सवाल
रामगढ़। रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र की घाट ग्राम पंचायत के बाई का बास गांव में शनिवार को निर्माणाधीन मकान की छत गिरने से छह लोग घायल हो गए। हादसे के दौरान छत की बीम और पट्टियां अचानक नीचे आ गिरीं। छत डालने के काम में लगे मजदूरों ने समय रहते नीचे छलांग लगाकर अपनी जान बचाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी जीतराम गुर्जर के निर्माणाधीन मकान में करीब दो दिन पहले ढांचे पर टाइम बीम डालकर छत की पट्टियां रखी गई थीं। शनिवार को इन पट्टियों पर छत डालने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक बीम और पट्टियां भरभराकर नीचे गिर गईं। हादसे में ठेकेदार सहित छह लोग घायल हो गए।
घायलों में मजदूर महेश के पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि सीताराम, नन्नूराम, जीतराम और जयनारायण को सामान्य चोटें आई हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
मकान मालिक जीतराम गुर्जर ने निर्माण में इस्तेमाल की गई एक कंपनी की सीमेंट की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि सीमेंट की गुणवत्ता में कमी के कारण मकान के पिलरों में पहले से ही दरारें आने लगी थीं। उन्होंने इस संबंध में संबंधित सीमेंट कंपनी के अधिकारियों से शिकायत भी की थी। शिकायत के बाद कंपनी की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन मकान मालिक के अनुसार उन्हें कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने सीमेंट कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों और मकान मालिक ने निर्माण में हुए नुकसान का उचित मुआवजा देने तथा इस्तेमाल की गई सीमेंट की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण सामग्री की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सके।