#क्राइम #राज्य-शहर

मृत महिला के नाम पर बैंक खाते से फर्जीवाड़ा, आरोपी गिरफ्तार

अलवर के कोतवाली थाना पुलिस ने मृत महिला के नाम पर बैंक खाता संचालित कर फर्जीवाड़ा करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी राकेश कुमार नरूका निवासी काला कुआं हाउसिंग बोर्ड को गिरफ्तार किया है।

यह मामला स्वर्गीय चंचल भाटिया के निधन के बाद उनके बैंक खाते और एफडी से हुए संदिग्ध लेन-देन से जुड़ा है। परिवादिया कामना भाटिया ने शिकायत में बताया कि उनकी माता का 16 अप्रैल 2023 को निधन हो चुका था, लेकिन चार-पांच महीने बाद उनका खाता इंडियन ओवरसीज़ बैंक की अलवर शाखा से जयपुर की एमआई रोड शाखा में ट्रांसफर कर दिया गया।

चौंकाने वाली बात यह रही कि बैंक रिकॉर्ड में खाता स्थानांतरण का आवेदन मृतका के नाम से ही प्रस्तुत किया गया, जिससे फर्जीवाड़े की आशंका और गहरा गई। जांच में यह भी सामने आया कि खाते से आरटीजीएस के जरिए राकेश कुमार और पुष्पा कंवर के खातों में राशि ट्रांसफर की गई।

कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी राकेश कुमार नरूका को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी दिनेश चंद्र के अनुसार पुलिस अब बैंक दस्तावेज, केवाईसी रिकॉर्ड और आरटीजीएस ट्रांजैक्शन की जांच कर रही है, साथ ही इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों और संभावित बैंक कर्मचारियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *