मालाखेड़ा के मानपुरा में मानसून में भी पेयजल संकट, दो साल से टैंकरों पर निर्भर ग्रामीण
अलवर जिले के मालाखेड़ा क्षेत्र के मानपुरा गांव में मानसून के बावजूद पेयजल संकट बना हुआ है। ग्रामीण पिछले करीब दो साल से टैंकरों के भरोसे पानी की व्यवस्था कर रहे हैं। जल जीवन मिशन के तहत गांव के 214 घरों में नल कनेक्शन दिए गए थे, लेकिन मालाखेड़ा रोड निर्माण के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे नलों में पानी आना बंद हो गया।
स्थिति यह है कि हर सुबह टैंकर पहुंचते ही महिलाएं और बच्चे पानी भरने के लिए इकट्ठा हो जाते हैं। वर्तमान में मानपुरा और सारंगपुरा में रोज तीन-तीन टैंकर, जबकि बलदेवपुरा, कुशलपुरा और नंगली गांवों में एक-एक टैंकर के माध्यम से पानी की आपूर्ति की जा रही है।
जलदाय विभाग के अनुसार, निर्माण एजेंसी से पाइपलाइन की मरम्मत को लेकर बातचीत जारी है। साथ ही टैंकर सप्लाई को 31 अगस्त तक बढ़ाने का प्रस्ताव भी भेजा गया है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही पाइपलाइन दुरुस्त होगी और टैंकरों से राहत मिलेगी।