अलवर में नाला विवाद गरमाया, दोनों पक्ष थाने पहुंचे, काम रुका
अलवर के अखेपुरा थाना क्षेत्र स्थित बनर्जी का बाग इलाके में नाला निर्माण और सफाई को लेकर विवाद शुक्रवार को बढ़ गया और मामला पुलिस थाने तक पहुंच गया। दोनों पक्षों के बीच थाने में तीखी नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसी तरह की सहमति नहीं बन सकी। फिलहाल मामला पुलिस और नगर निगम के स्तर पर विचाराधीन है।
पूर्व पार्षद धर्मेंद्र मीणा ने बताया कि गुरुवार को इसी विवाद को लेकर घोड़ा फेर चौराहे पर जाम लगाया गया था। उस दौरान अधिकारियों ने अगले दिन से नाले की सफाई शुरू कराने का आश्वासन दिया था। शुक्रवार को नगर निगम की ओर से करीब 15 सफाईकर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन स्थानीय लोगों के विरोध के कारण काम शुरू नहीं हो सका।
धर्मेंद्र मीणा ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने जोहड़ की भूमि पर अतिक्रमण कर रखा है, जिससे नाले की सफाई और निर्माण कार्य में बाधा आ रही है। उनका कहना है कि सफाई नहीं होने से इलाके में जलभराव, मच्छरों का प्रकोप और बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनके द्वारा भी कहीं अतिक्रमण किया गया है तो प्रशासन उसे भी हटाए।
वहीं स्थानीय निवासी बृज किशोर एडवोकेट ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके परिवार ने यह जमीन वर्ष 1966 में खरीदी थी और यह उनकी निजी संपत्ति है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें नाले के निर्माण से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन नाला उनके मकान के बिल्कुल पास से निकाला जा रहा है, जिसका वे विरोध कर रहे हैं। उनका सुझाव है कि नाला सड़क के बीच से निकाला जाए ताकि किसी को परेशानी न हो।
दोनों पक्ष अपने-अपने दावों पर अड़े हुए हैं। पुलिस मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने में जुटी है, जबकि नगर निगम भी समाधान निकालने की कोशिश कर रहा है। फिलहाल सहमति नहीं बनने के कारण नाले की सफाई और निर्माण कार्य पर अनिश्चितता बनी हुई है।
इसे भी पढ़ें – डुमेड़ा में बदहाल सड़क पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, चुनाव बहिष्कार की चेतावनी