#राज्य-शहर

डुमेड़ा में बदहाल सड़क पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम डुमेड़ा में खराब सड़क की समस्या को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। ग्रामीण सड़क पर उतर आए और जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान लोगों ने कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों के नेताओं को जमकर खरी-खोटी सुनाई।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण को लेकर वे कई बार पत्र और ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन न वर्तमान सरकार ने ध्यान दिया और न ही पिछली सरकार ने इस समस्या को गंभीरता से लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री टीकाराम जूली और भाजपा के पूर्व विधायक जयराम जाटव ने भी इस मुद्दे पर कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को भी कई बार पत्र भेजे गए, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला।

आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो वे आगामी चुनावों का बहिष्कार करेंगे और बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

ग्रामीणों के अनुसार, बरसात के दौरान सड़क पूरी तरह कीचड़ में बदल जाती है और अन्य दिनों में धूल से हालात खराब रहते हैं। स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों और महिलाओं को आए दिन गिरने से चोटें लगती हैं। हालत यह है कि एंबुलेंस और स्कूल बसें भी गांव तक नहीं पहुंच पातीं।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 10 वर्षों से स्थिति जस की तस बनी हुई है और जनप्रतिनिधियों को केवल चुनाव के समय ही गांव की याद आती है।

इसे भी पढ़ें – अलवर में बिजली बिल के अतिरिक्त शुल्क के विरोध में कम्युनिस्ट पार्टी का प्रदर्शन

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *