बागेश्वरधाम से लौटते वक्त छत्तीसगढ़ BJP अध्यक्ष किरण देव का एक्सीडेंट, झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती
छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव बुधवार को सड़क हादसे में घायल हो गए। हादसा उत्तर प्रदेश के झांसी-ललितपुर हाईवे पर उस समय हुआ, जब वे परिवार के साथ बागेश्वरधाम से दर्शन कर वापस लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद उन्हें तुरंत झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
झांसी-ललितपुर हाईवे पर हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक किरण सिंह देव की कार झांसी-ललितपुर हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि सामने से आ रही एक गाड़ी के अचानक कट मारने के कारण यह हादसा हुआ। हादसे के समय कार की रफ्तार करीब 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच बताई जा रही है। अचानक लगे जोरदार झटके से कार में बैठे लोगों को चोटें आईं।
कमर और पैर में आई चोट, मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी
हादसे में किरण देव को कमर और पैर में चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद उन्हें तत्काल झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। शुरुआती जांच में किसी बड़े फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं हुई है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और उन्हें निगरानी में रखा गया है।
काफिले की अन्य गाड़ियां सुरक्षित
हादसे के समय किरण देव के साथ चल रहे काफिले की अन्य गाड़ियां सुरक्षित रहीं। कार में मौजूद पीएसओ, निजी सहायक और चालक को भी मामूली चोटें आने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों और सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत मदद पहुंचाई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
बागेश्वरधाम दर्शन के बाद लौट रहे थे किरण देव
बताया जा रहा है कि किरण सिंह देव परिवार के साथ मध्य प्रदेश स्थित बागेश्वरधाम में दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद वे वापस छत्तीसगढ़ लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह सड़क दुर्घटना हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
डॉक्टरों की निगरानी में स्वास्थ्य पर नजर
फिलहाल झांसी मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की टीम किरण देव के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी कर रही है। भाजपा पदाधिकारियों और समर्थकों को भी उनकी स्थिति की जानकारी दी जा रही है। शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक हादसा गंभीर था, लेकिन समय पर इलाज मिलने से उनकी स्थिति नियंत्रण में है।
इसे भी पढ़ें- NEET Protest: रूस में रहने का दावा करने वाले युवक का FIR में नाम, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल