बालोतरा में पुलिस पीछा करने के दौरान हादसा, पेड़ से टकराई शराब तस्करों की कार; एक की मौत, परिजनों का थाने पर प्रदर्शन
राजस्थान के बालोतरा जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस से बचकर भाग रही एक कार हादसे का शिकार हो गई। नाकाबंदी तोड़कर फरार हो रही कार पेड़ से टकरा गई, जिससे चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए गुड़ामालानी थाने के बाहर प्रदर्शन किया और निष्पक्ष जांच की मांग की
नाकाबंदी तोड़कर भागी कार, पीछा करते रही पुलिस
पुलिस के अनुसार एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को अवैध शराब की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद बागोड़ा टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी कर एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि चालक बैरिकेडिंग तोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद एएनटीएफ टीम ने वाहन का पीछा शुरू किया और स्थानीय पुलिस को भी सूचना देकर घेराबंदी की गई। पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए कार चालक ने अपना रास्ता बदल लिया।
पेड़ से टकराई कार, चालक की इलाज के दौरान मौत
पुलिस के पीछा करने के दौरान कार आमलियाला-भैडाणा मार्ग पर अनियंत्रित होकर खेजड़ी के पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा व्यक्ति सुरक्षित मिला। घायल चालक को प्राथमिक उपचार के बाद सांचौर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दूसरे आरोपी को हिरासत में लेकर कार से अवैध शराब बरामद करने का दावा किया है।
सामने आए वाहन से बिगड़ा संतुलन
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पीछा करने के दौरान सामने से एक पिकअप वाहन आ गया, जिससे कार चालक ने नियंत्रण खो दिया। इसके बाद वाहन सड़क किनारे खड़े खेजड़ी के पेड़ से जा टकराया। टक्कर ड्राइवर की ओर होने से कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की।
परिजनों ने थाने पर किया प्रदर्शन
मृतक के परिजन और समाज के लोग शव लेकर गुड़ामालानी थाने पहुंचे और एएनटीएफ की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी थाने के बाहर एकत्र हो गए। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।
जांच जारी, पुलिस जुटा रही सभी तथ्य
बालोतरा पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। दुर्घटना के कारणों, पुलिस कार्रवाई और मौके की परिस्थितियों से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी। साथ ही जब्त की गई अवैध शराब और गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।