#एजुकेशन #क्राइम #राज्य-शहर

राजस्थान SOG की बड़ी कार्रवाई: डमी अभ्यर्थी से परीक्षा पास कर बनी महिला वनरक्षक गिरफ्तार

वनरक्षक भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़े का खुलासा

राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (SOG) ने वनरक्षक भर्ती परीक्षा-2020 में डमी अभ्यर्थी बैठाकर सरकारी नौकरी हासिल करने वाली एक महिला वनरक्षक को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने वर्ष 2022 में आयोजित लिखित परीक्षा में स्वयं की जगह दूसरे व्यक्ति को परीक्षा में बैठाया था। इतना ही नहीं, वह इससे पहले REET भर्ती परीक्षा-2021 में भी डमी अभ्यर्थी के जरिए परीक्षा दिलाने की कोशिश कर चुकी थी।

सिरोही में वनरक्षक के पद पर थी तैनात

SOG के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस विशाल बंसल के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी प्रमिला (29) जालोर जिले के सरनाऊ गांव की रहने वाली है। वर्तमान में वह सिरोही जिले के रेवदर थाना क्षेत्र स्थित वनपाल नाका जीरावल में वनरक्षक के पद पर कार्यरत थी। जांच पूरी होने के बाद SOG ने 30 जून को उसे गिरफ्तार कर लिया।

2022 की परीक्षा में बैठाया था डमी कैंडिडेट

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा वर्ष 2022 में वनरक्षक भर्ती परीक्षा-2020 की लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। प्रमिला का परीक्षा केंद्र राजसमंद जिले के कांकरोली स्थित बीएन कॉलेज में था। आरोप है कि उसने स्वयं परीक्षा देने के बजाय अपनी जगह एक डमी अभ्यर्थी को बैठाया। परीक्षा में चयन होने के बाद उसने दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी कर सरकारी नौकरी भी जॉइन कर ली।

REET परीक्षा में पहले ही हो चुकी थी गिरफ्तार

SOG की जांच में यह भी सामने आया कि प्रमिला ने REET भर्ती परीक्षा-2021 में भी अपनी जगह डमी अभ्यर्थी को परीक्षा दिलाने की कोशिश की थी। हालांकि परीक्षा शुरू होने से पहले ही जयपुर के सिंधी कैंप थाना पुलिस ने मूल अभ्यर्थी और डमी दोनों को पकड़ लिया था। इस मामले में सिंधी कैंप थाने में मुकदमा भी दर्ज किया गया था।

पुलिस सत्यापन में छिपाई आपराधिक जानकारी

जांच एजेंसी के अनुसार, वनरक्षक भर्ती के दौरान दस्तावेज सत्यापन और पुलिस वेरिफिकेशन में प्रमिला ने अपने खिलाफ दर्ज REET परीक्षा से जुड़े मुकदमे की जानकारी छिपा ली। इसके बाद उसने वनरक्षक के पद पर नियुक्ति प्राप्त कर ली।

सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश

SOG अधिकारियों का कहना है कि आरोपी महिला से गहन पूछताछ की जा रही है। जांच का फोकस उस डमी अभ्यर्थी की पहचान करने और पूरे परीक्षा फर्जीवाड़ा सिंडिकेट का पर्दाफाश करने पर है। अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य दलालों और आरोपियों के नाम भी सामने आ सकते हैं।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *