CBI के शिकंजे में आया ‘टाइगर’, सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में नया मोड़
पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को बड़ी सफलता मिली है। जांच एजेंसी ने उत्तर प्रदेश के बलिया से एक और आरोपी गोलू सिंह उर्फ टाइगर को गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
बलिया से गिरफ्तार हुआ आरोपी
सीबीआई ने बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के बासुदेवपुर गांव निवासी गोलू सिंह उर्फ टाइगर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के ट्रांजिट रिमांड पर सीबीआई को सौंप दिया गया। अब जांच एजेंसी उसे पूछताछ के लिए कोलकाता ले जाएगी।
अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार
अधिकारियों के अनुसार, इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में सीबीआई अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इससे पहले नवीन कुमार सिंह और राजकुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया था। वहीं, मामले से जुड़े एक अन्य व्यक्ति ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बलिया की अदालत में आत्मसमर्पण किया था।
6 मई को हुई थी चंद्रनाथ रथ की हत्या
भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की 6 मई को पश्चिम बंगाल में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीबीआई को सौंपी गई थी। तब से एजेंसी लगातार हत्या की साजिश और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
साजिश और नेटवर्क की जांच जारी
सीबीआई सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी हत्या के पीछे की साजिश, आरोपियों के नेटवर्क और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि गोलू सिंह से पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं, जिससे मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।
जांच में अहम सफलता
सीबीआई का मानना है कि गोलू सिंह की गिरफ्तारी जांच में एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो सकती है। एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश किस स्तर पर रची गई थी और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही।