#क्राइम #राज्य-शहर

रीवा हादसे के विरोध में अलवर में जैन समाज का मौन जुलूस, निष्पक्ष जांच की मांग

अलवर। सकल दिगंबर जैन समाज के तत्वावधान में सोमवार को स्कीम नंबर-8 स्थित आदिनाथ जैन संस्था से मिनी सचिवालय तक विशाल मौन जुलूस निकाला गया। जुलूस के माध्यम से समाज के लोगों ने मध्यप्रदेश के रीवा में दो जैन साध्वियों की सड़क दुर्घटना में हुई मौत के मामले में आक्रोश जताया।

जुलूस के बाद समाज के प्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर के जरिए राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की। जैन समाज के अध्यक्ष अशोक अगोनीत ने बताया कि इस घटना को लेकर समाज में गहरा रोष है और साध्वी माताओं को न्याय दिलाने के लिए ठोस कार्रवाई जरूरी है।

उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की जांच सीबीआई या न्यायिक स्तर पर कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को सख्त सजा मिले। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि घटना से जुड़े सभी सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए, जिससे जांच प्रक्रिया प्रभावित न हो।

इसके अलावा समाज ने भविष्य में साधु-संतों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए “संत सुरक्षा नीति” लागू करने की भी मांग उठाई। समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि देशभर में भ्रमण के दौरान साधु-संतों को प्रशासन और पुलिस की ओर से पर्याप्त सुरक्षा मिलनी चाहिए।

मौन जुलूस में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवा और वरिष्ठजन शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान सभी ने शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगें प्रशासन तक पहुंचाईं।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *