#खेल #राज्य-शहर

अलवर में राज्य स्तरीय सब जूनियर बॉक्सिंग प्रतियोगिता संपन्न, खिलाड़ियों का हुआ सम्मान

वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने रविवार को इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित 5वीं राज्य स्तरीय सब जूनियर बालक एवं बालिका बॉक्सिंग प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।

संजय शर्मा ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजक मंडल को बधाई देते हुए कहा कि खेल जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक रूप से भी व्यक्ति को मजबूत बनाते हैं और भविष्य की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने अभिभावकों से बेटों के साथ-साथ बेटियों को भी आगे बढ़ने के समान अवसर देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार खेल व खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। अलवर सांसद एवं केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव द्वारा क्षेत्र में खेलों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न पहल की जा रही हैं। सांसद खेल उत्सव, अलवर टाइगर मैराथन जैसे आयोजनों के माध्यम से खिलाड़ियों को मंच मिल रहा है और खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को भी मजबूती मिल रही है।

उन्होंने बताया कि अलवर में बॉक्सिंग कोर्ट, हॉकी एस्ट्रोटर्फ, सिंथेटिक ट्रैक, जीडी कॉलेज में मल्टीपर्पज हॉल, विभिन्न स्थानों पर स्टेडियम और खैरथल में बेटियों के लिए हॉकी एकेडमी जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। साथ ही खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करने के लिए समर कैंप में साई के कोचों द्वारा प्रशिक्षण भी दिलाया गया है। शिक्षा के क्षेत्र में 133 ई-लाइब्रेरी भी स्थापित की गई हैं।

विजेता रहे खिलाड़ी
प्रतियोगिता में बालिका वर्ग में अलवर की टीम विजेता और कोटा की टीम उपविजेता रही। वहीं बालक वर्ग में भरतपुर विजेता तथा अलवर उपविजेता रहा।
बालक वर्ग में भरतपुर के यश कुमार को बेस्ट बॉक्सर, जयपुर के वीर मृत्युंजय को बेस्ट चैलेंजर बॉक्सर और अलवर के युवराज कुमावत को बेस्ट प्रॉमिसिंग बॉक्सर का खिताब मिला।
बालिका वर्ग में कोटा की आरिका सिंह को बेस्ट बॉक्सर, हनुमानगढ़ की प्रियांशी को बेस्ट चैलेंजर बॉक्सर और अलवर की तस्लीमा को बेस्ट प्रॉमिसिंग बॉक्सर घोषित किया गया।

कार्यक्रम में जिला प्रमुख बलबीर सिंह छिल्लर, जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, राजस्थान ओलंपिक संघ के सचिव सुरेंद्र गुर्जर, राजस्थान बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरेन्द्र चौधरी, सचिव नरेंद्र सिंह निर्वाण, देवेन्द्र सिंह रावत, जिला खेल अधिकारी अंजना शर्मा, जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश भार्गव, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अभिमन्यु सिंह चौहान सहित कई गणमान्य लोग, खिलाड़ी और अभिभावक मौजूद रहे।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *