भिवाड़ी में दिनदहाड़े लूट: बच्चे की गर्दन पर चाकू रखकर महिला से लूट, सोसाइटी की सुरक्षा पर सवाल
भिवाड़ी में दिनदहाड़े एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने सुरक्षित मानी जाने वाली सोसाइटी की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। एक बदमाश ने घर में घुसकर दो साल के मासूम बच्चे को चाकू की नोक पर बंधक बना लिया और महिला से लूटपाट कर फरार हो गया। चौंकाने वाली बात ये रही कि वारदात के दौरान एक कोरियर बॉय भी दरवाजे तक पहुंचा, लेकिन उसे अंदर चल रही इस खौफनाक घटना की भनक तक नहीं लगी। देखिए ये खास रिपोर्ट…
खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी स्थित आशियाना तरंग सोसाइटी में यह सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बी-ब्लॉक के फ्लैट नंबर 403 में रहने वाले गेल इंडिया के जूनियर इंजीनियर शुभम सक्सेना रोज की तरह सुबह करीब 9 बजे ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। उनके जाने के कुछ ही देर बाद एक अज्ञात बदमाश फ्लैट के बाहर पहुंचा और दरवाजे की घंटी बजाई।
घर में अकेली मौजूद उनकी पत्नी अपूर्व सक्सेना ने कोरियर समझकर जैसे ही दरवाजा खोला, बदमाश जबरन अंदर घुस गया। अंदर आते ही उसने सबसे पहले महिला के दो साल के मासूम बच्चे को पकड़ लिया और उसकी गर्दन पर चाकू अड़ा दिया। बच्चे की जान को खतरे में देख मां सहम गई और बदमाश के सामने बेबस हो गई।
बदमाश ने बच्चे को बंधक बनाकर अलमारी की चाबी मांगी और उसमें रखे सोने के कड़े, करीब 70 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन लूट लिया। इसी दौरान एक असली कोरियर बॉय भी पार्सल देने के लिए फ्लैट पर पहुंचा, लेकिन शातिर बदमाश ने खुद दरवाजा खोलकर पार्सल लिया और उसे बिना किसी शक के वापस भेज दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इस घटना ने सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर बिना वेरिफिकेशन के कोई अजनबी इतनी आसानी से फ्लैट तक कैसे पहुंच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। घटना के बाद से सोसाइटी में दहशत का माहौल है।
“घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा, साथ ही सुरक्षा में हुई चूक की भी जांच की जा रही है।”