अलवर रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा: चलती ट्रेन में चढ़ते समय गिरने से युवक के दोनों पैर कटे, जयपुर रेफर
अलवर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जयपुर-हिसार पैसेंजर ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक युवक संतुलन खो बैठा और ट्रेन के नीचे आ गया, जिससे उसके दोनों पैर कट गए।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी थाना पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत कार्य शुरू किया। पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों की मदद से युवक को ट्रेन के नीचे से बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जयपुर रेफर कर दिया गया। युवक अचेत अवस्था में है, जिसके चलते उसकी पहचान और पते की जानकारी फिलहाल नहीं हो पाई है। पुलिस युवक की शिनाख्त के प्रयास कर रही है।