भिवाड़ी में विवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप
खैरथल-तिजारा जिले के टपूकड़ा थाना क्षेत्र के निकटवर्ती गांव खातीवास में 27 वर्षीय विवाहिता आसमा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मायके पक्ष ने इसे दहेज हत्या बताते हुए ससुराल पक्ष के कई सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार, आसमा का विवाह वर्ष 2019 में साहिन पुत्र आजाद के साथ हुआ था। दंपति के तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें तीन महीने का एक बेटा और 2 व 4 साल की दो बेटियां शामिल हैं। परिजनों को घटना की जानकारी एक रिश्तेदार के माध्यम से मिली, जिसने बताया कि पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था।
मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही आसमा को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका कहना है कि विवाह में करीब 1.50 लाख रुपये, एक बाइक और सोने-चांदी के आभूषण दिए गए थे, इसके बावजूद ससुराल पक्ष की मांगें जारी रहीं।
परिजनों ने आरोप लगाया कि आसमा की हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि शव के गले पर निशान पाए गए हैं, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। घटना के समय ससुराल पक्ष का कोई सदस्य मौके पर मौजूद नहीं मिला।
इस संबंध में राशिद पुत्र शाहजहां निवासी फिरोजपुर नमक ने पुलिस को शिकायत देकर पति साहिन, ससुर आजाद, सास शमीना सहित अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।