अलवर में तेज रफ्तार का कहर: 19 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत, अज्ञात वाहन फरार
अलवर जिले के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की जान चली गई। हादसा बख्तल की चौकी स्थित डेयरी के पास हुआ, जहां पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मानवता दिखाते हुए उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान आकाश वर्मा (19) पुत्र दयानंद वर्मा, निवासी केसरोली के रूप में हुई है। पड़ोसी शक्ति सिंह बागड़ी के अनुसार आकाश दोपहर करीब 12 बजे घर से अलवर शहर की ओर जा रहा था, तभी बख्तल की चौकी के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
आकाश ने हाल ही में 12वीं कक्षा 65 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की थी और वह आगे ग्रेजुएशन की तैयारी कर रहा था। वह दो भाइयों में से एक था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है, पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ऐसे में आकाश की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर अज्ञात वाहन की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।