अलवर में ज्वैलर्स दुकान पर सुनियोजित चोरी: दो नकाबपोश बदमाशों ने मालिक से चाबी छीनकर लाखों के जेवरात उड़ाए…
अलवर के एनईबी थाना क्षेत्र में देर रात दो नकाबपोश बदमाशों ने एक ज्वैलर्स दुकान को निशाना बनाते हुए सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने पहले दुकान मालिक को उसके घर के बाहर सड़क पर धक्का देकर जबरन दुकान की चाबी छीनी और मौके से फरार हो गए।
इसके बाद दोनों आरोपी दुकान पर पहुंचे, ताला खोलकर अंदर घुसे और काउंटर का शीशा तोड़ दिया। बदमाश दुकान से करीब सवा किलो चांदी के जेवरात और लगभग 6 ग्राम सोना लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी सबसे पहले मकान मालिक को लगी, जिसने तुरंत दुकानदार को सूचना दी। सूचना मिलते ही दुकानदार मौके पर पहुंचा और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
हालांकि इसमें दुकान मालिक की भी गलती रही जब बदमाश चाबी छीन कर भागे तो उन्हें दुकान के ताले ही बदल डालने चाहिए थे और पुलिस को भी तुरंत सूचना नहीं दी गई जिससे बदमाश आसानी से वारदात कर फरार हो गए वही घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि नियमित पेट्रोलिंग नहीं होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।