खैरथल-तिजारा में पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप, दंपति पर लाठी-फरसी से हमला; दोनों गंभीर घायल…
खैरथल‑तिजारा जिला के मुंडावर क्षेत्र स्थित पदमाड़ा कला गांव में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। चाचा-ताऊ के परिवारों के बीच हुए झगड़े में एक दंपति गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच मारपीट होते हुए दिखाई दे रही है।
घायल संजीव ने आरोप लगाया कि वह अपनी पत्नी के साथ दुकान से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे उसके चाचा रमेश और उनके परिवार के करीब चार लोगों ने लाठी-डंडों और फरसी से हमला कर दिया। संजीव का आरोप है कि उसके चाचा ने फरसी से उसके सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया। वहीं उसकी पत्नी के साथ भी मारपीट की गई।
संजीव के अनुसार उसके पिता सेना से सेवानिवृत्त थे, जबकि माता-पिता सहित दोनों भाइयों का पहले ही निधन हो चुका है। वर्तमान में पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि चाचा उसकी बहन को संपत्ति दिलवाने के नाम पर उस पर लगातार दबाव बना रहे थे और आए दिन झगड़ा करते थे। इसी रंजिश के चलते हमला किया गया।
फिलहाल मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और जांच जारी है।