सदन में ‘2 साल बनाम 5 साल’ बहस से पीछे हटी सरकार! टीकाराम जूली बोले— आंकड़ों के जाल में विपक्ष को फंसाने की कोशिश
जयपुर।
राजस्थान विधानसभा में ‘2 साल बनाम 5 साल’ की बहस को लेकर जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मीडिया से बातचीत में सरकार पर वादे से मुकरने का आरोप लगाया।
नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि इसके बाद बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (BAC) की बैठक में— जिसमें सत्ता पक्ष, विपक्ष, निर्दलीय विधायक और संसदीय मंत्री शामिल थे— ‘2 साल बनाम 5 साल’ की बहस पर सहमति बनी थी और आज उसी पर चर्चा तय की गई थी।
जूली ने आरोप लगाया कि सरकार अब इस बहस से पीछे हट रही है और सिर्फ अपने दो साल के कामकाज से जुड़े दस्तावेज़ों पर चर्चा कराना चाहती है। उन्होंने कहा,
“मुख्यमंत्री ने खुद कहा था कि 2 साल बनाम 5 साल की बहस होगी। लेकिन अब जो दस्तावेज़ रखे जा रहे हैं, वे सिर्फ सरकार के दो साल का हिसाब-किताब दिखाते हैं। आंकड़ों के जाल में हमें क्यों गुमराह किया जा रहा है?”
उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष चाहता है कि सरकार के दो साल और पिछली सरकार के पांच साल के कामकाज की खुली तुलना हो, ताकि इसका फैसला राजस्थान की जनता कर सके।
“BAC में तय हुआ था कि 2 साल बनाम 5 साल की बहस होगी, लेकिन अब सरकार उस चर्चा से बच रही है। आंकड़ों की किताबें रखने से सच्चाई नहीं बदलती,” जूली ने कहा।