#देश दुनिया #राज्य-शहर

राजधानी में 15 साल पुराने कॉमर्शियल वाहनों पर सख्ती: 45 दिन चलेगा सीज अभियान, बिना RC-फिटनेस-परमिट वालों पर भी कार्रवाई

परिवहन विभाग ने राजधानी में प्रदूषण नियंत्रण को लेकर बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। राजधानी के नॉन-अटेनमेंट सिटी घोषित होने के चलते पहले से ही पुराने व प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर प्रतिबंध लागू हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़कों पर बड़ी संख्या में तय समयसीमा पूरी कर चुके कमर्शियल वाहन दौड़ते पाए जा रहे हैं। इसी को देखते हुए अब परिवहन विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है, जिसके तहत 15 साल पुराने कमर्शियल वाहनों को सीज किया जाएगा।

आरटीओ राजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि यह कार्रवाई राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों के तहत की जा रही है। एनजीटी के नियमों के अनुसार तय उम्र पूरी कर चुके कमर्शियल वाहनों को सड़कों पर चलाने की अनुमति नहीं है। ऐसे वाहन न सिर्फ वायु प्रदूषण बढ़ाते हैं, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिहाज से भी खतरा बने रहते हैं।

उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान सिर्फ पुराने वाहन ही नहीं, बल्कि जिन कमर्शियल वाहनों के पास वैध आरसी (रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट), फिटनेस सर्टिफिकेट और परमिट नहीं होंगे, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर एनजीटी के प्रावधानों के तहत भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा।

परिवहन विभाग की यह मुहिम लगातार 45 दिनों तक चलेगी। इसके लिए अलग-अलग टीमें गठित कर राजधानी के विभिन्न इलाकों में तैनात की गई हैं। टीमें सड़कों पर चेकिंग कर पुराने और अवैध दस्तावेजों वाले वाहनों को मौके पर ही सीज करेंगी।

अधिकारियों का कहना है कि इस सख्ती का मकसद राजधानी में बढ़ते प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण लगाना और लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराना है। परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने दस्तावेज समय पर अपडेट कराएं और तय मानकों के अनुरूप ही वाहनों का संचालन करें, ताकि कार्रवाई से बचा जा सके।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *