#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

खेजड़ी आंदोलन के बीच गैंगस्टर के नाम से पोस्ट वायरल, सरकार को दी गई कथित धमकी….

बीकानेर। राजस्थान में खेजड़ी संरक्षण को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच सोशल मीडिया पर गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम से एक विवादित पोस्ट वायरल होने से जिले में हलचल मच गई है। पोस्ट में सरकार को आंदोलनकारियों की मांगें मानने की चेतावनी दी गई है और अन्यथा प्रदेश में कर्फ्यू जैसी स्थिति पैदा करने की कथित धमकी दी गई है। हालांकि इस पोस्ट की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

क्या है मामला?

वायरल पोस्ट में कथित रूप से लिखा गया है कि यदि राजस्थान सरकार आंदोलनकारियों की मांगें मान लेती है तो ठीक है, अन्यथा राज्य में कर्फ्यू जैसे हालात पैदा कर दिए जाएंगे। साथ ही पर्यावरण और देश की मिट्टी की रक्षा के नाम पर किसी भी हद तक जाने की बात कही गई है।

पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चाएं शुरू हो गईं।

खेजड़ी संघर्ष समिति ने किया खंडन

खेजड़ी संघर्ष समिति से जुड़े संतों और पदाधिकारियों ने इस पोस्ट से खुद को अलग बताया है। उनका कहना है कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से चलाया जा रहा है। समिति ने स्पष्ट किया कि उनका किसी भी प्रकार की धमकी या भड़काऊ बयान से कोई संबंध नहीं है।

आमजन से अपील

समिति ने लोगों से अपील की है कि वे अपुष्ट और भड़काऊ संदेशों पर ध्यान न दें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार

वायरल पोस्ट को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।

फिलहाल प्रशासन की ओर से स्थिति स्पष्ट किए जाने का इंतजार है, जबकि सोशल मीडिया पर इस पोस्ट को लेकर चर्चाएं जारी हैं।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *