#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

अलवर में 10 लाख की किश्त हड़पने का आरोप: निजी फाइनेंस कंपनी के चार पूर्व कर्मचारियों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज

अलवर। शहर में एक निजी फाइनेंस कंपनी के चार पूर्व कर्मचारियों पर ग्राहकों से वसूली गई करीब 10 लाख रुपये की किश्त राशि जमा न कराने का आरोप लगा है। कोतवाली थाना पुलिस ने कंपनी प्रबंधन की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कंपनी प्रबंधन ने दर्ज कराया इस्तगासा

मैसर्स एसजी रॉयल कैपिटल प्रा. लि., नंगली सर्किल अलवर के प्रबंधक की ओर से 10 फरवरी को कोतवाली थाने में इस्तगासा पेश किया गया। शिकायत में बताया गया कि कंपनी ग्राहकों को वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराती है और बकाया किस्तों की वसूली के लिए कर्मचारियों की नियुक्ति की गई थी।

मार्च से मई 2025 के बीच वसूली गई रकम

शिकायत के अनुसार, ब्रांच मैनेजर हिमांशु शर्मा, रिलेशनशिप मैनेजर दुर्गेश सिंह नरूका, रोहित कुमार मुदगल और फील्ड सेल्स एग्जीक्यूटिव विवेक सिंह नरूका ने मार्च से मई 2025 के बीच ग्राहकों से बकाया किश्तों की रकम वसूल की। आरोप है कि करीब 10 लाख रुपये की यह राशि कंपनी के खाते में जमा नहीं कराई गई।

ग्राहकों से दोबारा मांगी गई किश्त, तब हुआ खुलासा

कंपनी ने जब ग्राहकों को बकाया भुगतान के लिए सूचित किया तो कई ग्राहकों ने दावा किया कि वे पहले ही किश्त जमा कर चुके हैं। इस जानकारी के बाद कंपनी को कथित गड़बड़ी का पता चला। प्रबंधन द्वारा राशि जमा कराने के लिए कहने पर आरोपियों द्वारा कथित रूप से धमकी देने की भी बात शिकायत में कही गई है।

मारपीट और तोड़फोड़ का भी आरोप

रिपोर्ट में उल्लेख है कि 25 मई 2025 को कंपनी का एक कर्मचारी फील्ड में वसूली कार्य के दौरान पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसकी कार के शीशे तोड़ दिए। इस संबंध में भी शिकायत में आरोप दर्ज कराए गए हैं।

सेवामुक्ति के बाद भी जारी थी कथित वसूली

कंपनी के अनुसार, चारों आरोपियों को पहले ही सेवामुक्त किया जा चुका था। इसके बावजूद वे खुद को कंपनी का कर्मचारी बताकर ग्राहकों के घर पहुंच रहे थे और अवैध रूप से किश्त की राशि वसूल रहे थे।

पुलिस ने शुरू की जांच

कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *