कोरियाई संस्कृति को लेकर तनाव बना मौत की वजह? गाजियाबाद ट्रिपल सुसाइड में पिता के चौंकाने वाले खुलासे…
गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र में तीन सगी बहनों द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस को मिले सुसाइड नोट के बाद अब मृतक बहनों के पिता चेतन कुमार ने कई अहम जानकारियां साझा की हैं, जिससे मामले की पृष्ठभूमि और जटिल होती नजर आ रही है।
पिता का दावा: भारतीय कहलाना भी पसंद नहीं था
पिता चेतन कुमार के अनुसार, उनकी तीनों बेटियां दक्षिण कोरियाई संस्कृति से अत्यधिक प्रभावित थीं। उनका कहना है कि बेटियां खुद को भारतीय कहे जाने पर नाराज़ हो जाती थीं और कोरियाई जीवनशैली को ही अपनाना चाहती थीं। वे दक्षिण कोरिया जाकर पढ़ाई करने की इच्छा रखती थीं, जिसे लेकर परिवार में अक्सर तनाव बना रहता था।
कोरिया जाने को लेकर घर में होता था विवाद
चेतन कुमार ने बताया कि जब उन्होंने बेटियों को समझाने की कोशिश की और कहा कि परिवार भारत में ही रहेगा, तो बेटियां गुस्से में आ जाती थीं। कई बार वे खाना-पीना तक छोड़ देती थीं। पिता का दावा है कि बेटियों ने यह भी कहा था कि अगर उन्हें दक्षिण कोरिया नहीं जाने दिया गया तो वे आत्महत्या कर लेंगी।
परिजनों के मुताबिक, जिस रात यह घटना हुई, उसी दिन कोरिया जाने को लेकर घर में बहस हुई थी। देर रात बेटियों के मोबाइल फोन छीन लिए गए थे, जिसके बाद तीनों ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया और यह कदम उठा लिया।
सुसाइड नोट और डायरी से मिले संकेत
पुलिस को मृतक बहनों के कमरे से आठ पन्नों का सुसाइड नोट और एक डायरी मिली है। इनमें कोरियाई संस्कृति, वहां की जीवनशैली और उससे जुड़ी भावनाओं का विस्तार से उल्लेख किया गया है। नोट में माता-पिता पर उनकी पसंद, भविष्य और शादी को लेकर असहमति के आरोप भी लगाए गए हैं। पुलिस इन दस्तावेज़ों की गहन जांच कर रही है।
नाम और पहनावे में भी कर लिया था बदलाव
जांच में यह भी सामने आया है कि तीनों बहनों ने अपने नाम, पहनावे और रहन-सहन में भी बदलाव करना शुरू कर दिया था। वे कोरियाई संगीत, फिल्मों और खेलों से बेहद प्रभावित थीं और उनकी पहचान उसी दिशा में ढलती जा रही थी।
यह घटना गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र की भारत सिटी सोसायटी की है। मंगलवार देर रात करीब दो बजे तीन सगी बहनों ने सोसायटी की नौवीं मंजिल से कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मृतक बहनों की उम्र क्रमशः 16, 14 और 12 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।