#क्राइम #देश दुनिया #पॉलिटिक्स #राज्य-शहर

बीजापुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, 22 जवानों के हमले का आरोपी टॉप नक्सली ढेर

बीजापुर (छत्तीसगढ़):

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुरुवार सुबह हुए एनकाउंटर में 22 जवानों की शहादत वाले हमले का आरोपी खूंखार नक्सली कमांडर उधम सिंह मारा गया। उसके पास से AK-47 बरामद की गई है।

2021 के टेकुलगुड़ेम हमले का मास्टरमाइंड था उधम सिंह

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मारा गया नक्सली उधम सिंह साल 2021 में हुए टेकुलगुड़ेम नक्सली हमले में शामिल था, जिसमें सुरक्षाबलों के 22 जवान शहीद हुए थे। वह इस हमले की साजिश रचने वाले शीर्ष माओवादी नेताओं में शामिल बताया जाता है।

प्लाटून नंबर 30 का कमांडर, सिर पर था 8 लाख का इनाम

DVCM कैडर का नक्सली उधम सिंह प्लाटून नंबर 30 का कमांडर था। इसके साथ ही उसके पास जागूरगुंडा एरिया कमेटी की जिम्मेदारी भी थी। लंबे समय से वह बस्तर क्षेत्र में सक्रिय था और उसके सिर पर 8 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर सुबह से जारी है मुठभेड़

गुरुवार सुबह करीब साढ़े सात बजे छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान नक्सलियों ने फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभाला। मुठभेड़ में उधम सिंह मारा गया, जबकि इलाके में अभी भी सर्च अभियान जारी है।

ऑपरेशन खत्म होने के बाद जारी होगी विस्तृत जानकारी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबल अभी घटनास्थल पर मौजूद हैं। सभी जवानों की सुरक्षित वापसी के बाद ही पूरे ऑपरेशन को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

बीजापुर में 12 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

इसी बीच बीजापुर में गुरुवार को 12 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। सरेंडर करने वालों में 8 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं। इन सभी नक्सलियों पर कुल 54 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *