भिवाड़ी में तांत्रिक ठगी का पर्दाफाश: शादी और पारिवारिक संकट दूर करने के नाम पर 6.27 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
राजस्थान के भिवाड़ी पुलिस जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है।
खुशखेड़ा थाना पुलिस ने टोना-टोटका और तांत्रिक क्रियाओं के जरिए ठगी करने वाले एक सेल्फ-प्रोक्लेम्ड तांत्रिक को गिरफ्तार किया है। भिवाड़ी पुलिस जिले में तांत्रिक ठगी का यह पहला बड़ा मामला बताया जा रहा है, जिसमें आरोपी ने एक कंपनी कर्मचारी से 6 लाख 27 हजार रुपये ऐंठ लिए।
पीड़ित संदीप मौर्य उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और भिवाड़ी की एक प्रमुख एमएनसी कंपनी में कार्यरत हैं। वे लंबे समय से पारिवारिक समस्याओं से परेशान थे। उनकी सगाई टूट चुकी थी और दोबारा रिश्ता तय नहीं हो पा रहा था, जिससे वे मानसिक तनाव में थे। इसी कमजोरी का फायदा उठाकर आरोपी मोहम्मद दानिश खान (26 वर्ष), पुत्र फकरुद्दीन तेली, निवासी मेरठ (उत्तर प्रदेश) ने उनसे संपर्क किया।
दानिश ने फोन पर खुद को तांत्रिक बताते हुए संदीप को भरोसा दिलाया कि वह उनकी सभी पारिवारिक परेशानियां दूर कर सकता है। शुरुआत में मई 2025 में हवन-पूजन के नाम पर मात्र 5,000 रुपये ट्रांसफर करवाए गए। इसके बाद आरोपी ने श्मशान पूजा न कराने पर घर में अनहोनी और मौत जैसी डरावनी बातें कहकर संदीप पर मानसिक दबाव बनाना शुरू कर दिया। करीब डेढ़ महीने के भीतर उसने अलग-अलग बहानों से कुल 6.27 लाख रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए। यह रकम उत्तर प्रदेश के एक बैंक खाते में भेजी गई।
जब लगातार पूजा-पाठ के बावजूद संदीप की समस्याएं जस की तस बनी रहीं, तो उन्हें शक हुआ। किसी अन्य व्यक्ति से चर्चा करने पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद संदीप ने 21 जनवरी को खुशखेड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और व्हाट्सएप चैट, बैंक ट्रांजैक्शन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तिजारा डीएसपी शिवराज सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि वह दो युवकों को हायर कर बड़े शहरों, कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थानों पर पंपलेट चिपकवाता था। इन पंपलेटों में बिना दवाई के वशीकरण, शराब छुड़ाना, ताकत बढ़ाना और गृह क्लेश दूर करने जैसे झूठे दावे लिखे होते थे। पंपलेट पर अपना मोबाइल नंबर देकर वह परेशान लोगों को फंसाता और उनसे मोटी रकम वसूलता था। युवकों को इस काम के लिए प्रतिदिन 600 रुपये मजदूरी दी जाती थी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें तांत्रिक पूजा से जुड़े कई वीडियो मिले हैं। ये वीडियो सैकड़ों लोगों को भेजे जाते थे ताकि उन्हें प्रभावित कर ठगी के जाल में फंसाया जा सके। जांच में यह भी सामने आया है कि दानिश ने दिल्ली के एक कथित तांत्रिक बाबा करीम खान से ट्रेनिंग ली थी, जो इसी तरह की ठगी में लिप्त था। उसी से प्रेरित होकर दानिश ने करीब डेढ़ साल पहले मेरठ से अपना अलग ‘कारोबार’ शुरू किया और कई लोगों को ठगा।
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि अन्य पीड़ितों का पता लगाया जा सके। साथ ही जिस बैंक खाते में रकम ट्रांसफर हुई, उसके वास्तविक मालिक की भी तलाश की जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे फर्जी तांत्रिकों और टोना-टोटका के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज की सूचना तुरंत पुलिस को दें।