#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

अलवर में कार चोरों का आतंक, स्कीम नंबर-2 में कपड़ा व्यापारी की ब्रेजा का शीशा तोड़कर कीमती सामान चोरी…

अलवर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में कार चोरों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला स्कीम नंबर-2 का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक कपड़ा व्यापारी की घर के बाहर खड़ी ब्रेजा कार को निशाना बनाया। चोरों ने कार का शीशा तोड़कर अंदर घुसने के बाद उसे चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन कार स्टार्ट नहीं होने पर वे उसमें जमकर तोड़फोड़ कर कीमती सामान चुरा ले गए।

चोर कार से म्यूजिक सिस्टम, एयर पंप, टूलकिट, राइट साइड की फ्रंट हेडलाइट, डिग्गी कवर, ट्रे, मोबाइल चार्जर, वायर, स्टेपनी, कार के बिल, पॉल्यूशन सर्टिफिकेट सहित अन्य जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हो गए। इसके अलावा चोरों ने कार की बैटरी निकालने की भी कोशिश की, हालांकि वे इसमें सफल नहीं हो सके।

पीड़ित व्यापारी देव कोरजानी ने बताया कि वे रविवार रात करीब 11 बजे रोज की तरह अपनी ब्रेजा कार घर के बाहर खड़ी कर सो गए थे। सोमवार सुबह करीब 9 बजे जब बाहर आकर देखा तो कार का शीशा टूटा हुआ था और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। म्यूजिक सिस्टम पूरी तरह उखड़ा हुआ था और कार के अंदर चारों तरफ टूटे शीशे फैले हुए थे।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जांच में जुटी हुई है।

पीड़ित ने बताया कि इस मोहल्ले में इस तरह की चोरी की यह पहली घटना है। हालांकि, उल्लेखनीय है कि करीब छह दिन पहले स्कीम नंबर-3 में भी इसी तरह की वारदात सामने आई थी, जहां एक केमिकल व्यापारी की घर के बाहर खड़ी ब्रेजा कार का शीशा तोड़कर चोरों ने अंदर से सामान चोरी कर लिया था। उस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था और उसका मामला भी कोतवाली थाने में दर्ज है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com
अलवर में कार चोरों का आतंक, स्कीम नंबर-2 में कपड़ा व्यापारी की ब्रेजा का शीशा तोड़कर कीमती सामान चोरी…

IND vs PAK T20 WC: भारत-पाक मैच

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *