#क्राइम #देश दुनिया #पॉलिटिक्स #राज्य-शहर

साध्वी प्रेम बाईसा मौत मामला: पारदर्शी जांच हो, दोषियों को मिले सख्त सजा—सचिन पायलट

जोधपुर में तीन दिन पहले हुई साध्वी प्रेम बाईसा की मौत को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने सरकार से इस मामले में किसी भी तरह के तथ्यों को छिपाने से बचने और निष्पक्ष व पारदर्शी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो भी दोषी पाया जाए या जिसके खिलाफ प्रमाण सामने आएं, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

रविवार को उदयपुर दौरे पर पहुंचे सचिन पायलट ने मीडिया से बातचीत में यह बात कही। वे सुबह करीब 8 बजे डबोक एयरपोर्ट पहुंचे और सबसे पहले भुवाणा क्षेत्र में पीसीसी सदस्य दुर्गासिंह राठौड़ के पिता के निधन पर शोक व्यक्त करने उनके निवास पहुंचे। इसके बाद वे राजसमंद जिले के नाथद्वारा गए, जहां कांग्रेस नेता देवकीनंदन गुर्जर के घर पहुंचकर संवेदना प्रकट की।

इस दौरान सचिन पायलट ने केंद्र सरकार के आगामी बजट और नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बजट सिर्फ आंकड़ों का खेल नहीं होता, बल्कि इससे सरकार की प्राथमिकताएं और मंशा साफ झलकती है। पायलट ने आरोप लगाया कि लंबे समय से सत्ता में रहने के बावजूद भाजपा सरकार ऐसे मुद्दों पर ध्यान दे रही है, जिनका जमीनी स्तर पर कोई ठोस असर नजर नहीं आता।

उन्होंने कहा कि गांवों के विकास से जुड़े कई फैसले दिल्ली से थोपे जा रहे हैं, जिससे राज्यों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। सचिन पायलट ने उम्मीद जताई कि आगामी बजट में बेरोजगारी, युवाओं और मध्यम वर्ग को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे, क्योंकि सरकारी नीतियों का सीधा असर आम जनता के जीवन पर पड़ता है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *