अलवर जिला परिषद साधारण सभा में हंगामा, पक्षपात के आरोप, पार्षदों का अनोखा विरोध….
अलवर जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक आज जिला परिषद सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रमुख बलवीर छिल्लर, जिला परिषद सीईओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान जमकर हंगामा देखने को मिला, जहां जिला परिषद के कई पार्षदों ने विरोध जताया।
गौरतलब है कि साधारण सभा की यह बैठक पहले 9 जनवरी को प्रस्तावित थी, लेकिन कोरम पूरा न होने के कारण उसे स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद आज दोबारा बैठक बुलाई गई। बैठक के दौरान कांग्रेस पार्षदों ने जिला प्रमुख पर पक्षपात के आरोप लगाए। पार्षदों का कहना था कि जिला प्रमुख अपने चहेते सरपंचों को विकास कार्यों के लिए बजट उपलब्ध करवा रहे हैं, जबकि कांग्रेस से जुड़े पार्षदों के वार्डों की अनदेखी की जा रही है।
विरोध जताने के लिए वार्ड संख्या 32 के पार्षद संजय गुर्जर और वार्ड संख्या 26 की पार्षद मौसम मीणा ने अनोखा तरीका अपनाया। दोनों ने अपने सिर पर परात और फावड़े रखकर बैठक में प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का नाम देश-विदेश में सम्मान के साथ लिया जाता है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी विदेशों में गांधी के नाम से आदर मिलता है, लेकिन गांधी के नाम पर चल रही योजना का नाम बदलकर ‘जीरामजी’ कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं रामजी के भक्त हैं, लेकिन योजना का नाम बदलना उचित नहीं है।
वहीं, जिला प्रमुख बलवीर छिल्लर ने कहा कि साधारण सभा की बैठक में विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई है। उन्होंने बताया कि स्कूलों के खेल मैदान के लिए पांच पट्टे स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही आमजन की समस्याओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। जिला प्रमुख ने कहा कि कई बार आम लोगों की समस्याएं अधिकारियों तक नहीं पहुंच पातीं और निचले स्तर पर बिजली विभाग के लाइनमैन या पुलिस के कॉन्स्टेबल तक आम आदमी की आवाज को दबा देते हैं। इस संबंध में अधिकारियों को अवगत कराया गया है और आवश्यक निर्देश भी दिए गए हैं।