“मेरा दम नहीं घुट रहा, जिसका घुट रहा है उससे पूछो” – अलवर में बोले कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा….
राजस्थान सरकार के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने पूर्व मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीय के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। अलवर दौरे के दौरान जब मीडिया ने उनसे मालवीय के उस बयान पर सवाल किया, जिसमें उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आने के बाद “दम घुटने” की बात कही थी, तो डॉ. किरोड़ी ने साफ शब्दों में कहा, “मेरा दम नहीं घुट रहा है, जिसका घुट रहा है उससे बात करो।”
कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा सोमवार को अलवर पहुंचे, जहां उन्होंने मिनी सचिवालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जीरामजी से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि जीरामजी को लेकर न केवल बैठक में चर्चा की गई, बल्कि रात को एक गांव में चौपाल भी लगाई गई। चौपाल में सीईओ ने ग्रामीणों को नए और पुराने कानूनों की जानकारी दी और बाद में ग्रामीणों की राय भी ली गई।
किसानों से जुड़े मुद्दों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस समय किसानों को बिजली की सबसे अधिक आवश्यकता है और अब पर्याप्त मात्रा में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। ट्रांसफॉर्मर भी समय पर मिल रहे हैं। बैठक में सड़क और पेयजल योजनाओं पर भी चर्चा हुई। कठूमर क्षेत्र में पानी की समस्या अधिक सामने आई है। उन्होंने बताया कि आगे चलकर ईआरसीपी का पानी जयसमंद तक आएगा, जहां से गांवों तक जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
आगामी आम बजट को लेकर डॉ. किरोड़ी ने कहा कि आमजन से सुझाव लिए जा रहे हैं। अलग-अलग वर्गों के लोगों से मुलाकात कर उनकी जरूरतों को समझा जा रहा है, ताकि बजट में नए और जनहित के काम शामिल किए जा सकें।
ईआरसीपी योजना को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि यह योजना मध्यप्रदेश और राजस्थान—दो राज्यों से जुड़ी है। इसमें जितनी भी राशि की आवश्यकता होगी, वह केंद्र सरकार द्वारा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि लगभग 90 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली इस योजना के लिए भारत सरकार धन उपलब्ध करा रही है और केवल राष्ट्रीय परियोजना घोषित होने से ही लाभ नहीं, बल्कि केंद्र की भागीदारी से वास्तविक काम आगे बढ़ रहा है।