#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

रामगढ़ की बगड़ तिराया घाटी में शीशे से भरा ट्रेलर पलटा, तेज धमाके से मची अफरा-तफरी…

रामगढ़ क्षेत्र की बगड़ तिराया घाटी में बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शीशे से भरा एक ट्रेलर घाटी के तीखे घुमाव पर अचानक बेकाबू होकर पलट गया। ट्रेलर के पलटते ही जोरदार धमाका हुआ, जिससे आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि हादसे में चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह बाल-बाल बच गया।

धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि ट्रेलर सड़क किनारे पलटा हुआ था और उसमें लदे शीशे चारों ओर बिखरे पड़े थे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए केबिन में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला और घटना की सूचना बगड़ तिराया थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभाली।

ग्रामीणों का कहना है कि बगड़ तिराया घाटी लंबे समय से दुर्घटनाओं का केंद्र बनी हुई है। तीखे मोड़ और ढलान के कारण यहां आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले एक वर्ष में इस घाटी में सैकड़ों दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। खासतौर पर शीशे और पत्थर से भरे भारी वाहनों के लिए यह मार्ग बेहद खतरनाक साबित हो रहा है।

राज्य सरकार सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर है और दुर्घटना संभावित स्थानों को ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित कर सुधार कार्य कराए जा रहे हैं। प्रशासनिक स्तर पर ऐसे हादसों को रोकने के लिए लगातार निगरानी और रिपोर्टिंग की जा रही है। बगड़ तिराया घाटी को लेकर भी संबंधित विभाग को अवगत कराया गया है, ताकि यहां चेतावनी संकेतक बोर्ड, स्पीड कंट्रोल उपाय और अन्य सुरक्षा इंतजाम किए जा सकें।

हादसे के बाद सड़क पर बिखरे शीशों को हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। हालांकि पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से शीघ्र ही मार्ग को साफ कर यातायात सामान्य कर दिया गया

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *