#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

दहेज उत्पीड़न का आरोप: नौ माह की गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुराल पक्ष फरार

रामगढ़/अलवर

रामगढ़ क्षेत्र के बगड़ तिराया थाना इलाके के गांव नंगला बंजीरका में रविवार को एक नौ माह की गर्भवती विवाहिता संजीदा (22) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए, जबकि पीहर पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के साथ उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई।

मामला पूर्व सरपंच आज़ाद ख़ां के परिवार से जुड़ा बताया जा रहा है। ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या का मामला बता रहा है, वहीं पीहर पक्ष हत्या का आरोप लगाया है ।

पीहर पक्ष के अनुसार, 1 दिसंबर 2024 को एक ही परिवार की दो बहनों की शादी हुई थी। शादी में ट्रैक्टर, बोलेरो, एसी, आभूषण और नकद देने के बावजूद दहेज की मांगें जारी रहीं और दोनों बहनों को मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना दी जाती थी। आरोप है कि उन्हें आपस में बात तक नहीं करने दी जाती थी।

परिजनों का कहना है कि घटना की जानकारी सुबह करीब 11 बजे छोटी बहन के फोन से मिली। दोपहर करीब 2 बजे जब परिजन पुलिस के साथ ससुराल पहुंचे तो संजीदा का शव पलंग पर पड़ा मिला। उस समय घर में केवल छोटी बहन मौजूद थी, जबकि बाकी सभी सदस्य गायब थे।

शव को रामगढ़ उप-जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। रामगढ़ डीएसपी पिंटू कुमार ने बताया कि मृतका के भाई की रिपोर्ट पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सोमवार को एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए, जबकि मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

स्थानीय स्तर पर फिलहाल यही सवाल गूंज रहा है—
क्या यह आत्महत्या है या दहेज हत्या?
सच का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *