चौमूं में धार्मिक स्थल से जुड़ा विवाद हिंसक, पथराव में 6 पुलिसकर्मी घायल, 125 उपद्रवी हिरासत में; इंटरनेट बंद.
जयपुर जिले के चौमूं कस्बे में धार्मिक स्थल के बाहर निर्माण और पत्थर हटाने को लेकर चल रहा पुराना विवाद गुरुवार देर रात हिंसक हो गया। हालात इतने बिगड़ गए कि चार घंटे में तीन बार पुलिस पर पथराव हुआ, जिसमें 6 पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए 125 उपद्रवियों को हिरासत में लिया गया और इलाके में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं।
चार घंटे तक तनाव, तीन बार हुआ पथराव
घटना चौमूं बस स्टैंड के पास स्थित धार्मिक स्थल के बाहर हुई। पुलिस अतिक्रमण हटाने और रेलिंग लगाने का काम कर रही थी, तभी दोनों पक्षों में तनाव बढ़ गया।
रात करीब 1 बजे से सुबह साढ़े 4 बजे तक हालात बिगड़े रहे और इस दौरान तीन बार पुलिस पर पथराव किया गया।
6 पुलिसकर्मी घायल, आंसू गैस का इस्तेमाल
पथराव में 6 पुलिस जवान घायल हो गए। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
सुबह होते-होते पुलिस ने पथराव के आरोप में 125 लोगों को हिरासत में लिया।
ड्रोन सर्वे में 70 घरों से पत्थर-बोतलें बरामद
स्पेशल कमिश्नर राहुल प्रकाश और एडीसीपी राजीव पचार मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
पूरे इलाके में ड्रोन से सर्च ऑपरेशन कराया गया, जिसमें 70 से अधिक घरों की छतों से पत्थर और बोतलें बरामद की गईं।
इंटरनेट बंद, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
एहतियात के तौर पर चौमूं में दो दिनों के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं।
इलाके में भारी पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है और वीडियो-फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।
40 साल पुराना विवाद
पुलिस के अनुसार, जिस स्थान को लेकर विवाद हुआ, वह मस्जिद के बाहर करीब 100 फीट क्षेत्र में अतिक्रमण से जुड़ा है। यह विवाद करीब 40 साल पुराना बताया जा रहा है, जिस पर पहले भी कई बार शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं।
समझाइश के प्रयास रहे नाकाम
गुरुवार दिन में पुलिस और समाज के लोगों के बीच बैठक हुई थी, जिसमें पत्थर हटाने और रेलिंग लगाने पर सहमति बनी थी।
हालांकि रात में दोबारा रेलिंग लगाने के प्रयास के दौरान तनाव बढ़ा और हालात हिंसक हो गए।
स्थिति अब नियंत्रण में
फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं। पुलिस प्रशासन दोनों पक्षों से बातचीत कर शांति बनाए रखने की कोशिश कर रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं।