कनाडा में भारतीय छात्र की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, टोरंटो यूनिवर्सिटी के पास मचा हड़कंप..
कनाडा में भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। टोरंटो यूनिवर्सिटी के स्कारबोरो कैंपस के पास 20 वर्षीय भारतीय छात्र की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद भारतीय समुदाय और छात्रों में भारी आक्रोश और डर का माहौल है।
दिनदहाड़े चली गोली, मौके पर मौत
यह घटना मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे ओल्ड किंग्सटन रोड पर हुई। पुलिस के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने छात्र पर अचानक फायरिंग की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
डॉक्टरेट का छात्र था मृतक
पुलिस ने मृतक की पहचान शिवांक अवस्थी (20) के रूप में की है, जो टोरंटो यूनिवर्सिटी में डॉक्टरेट (PhD) का छात्र था। घटना के समय वह यूनिवर्सिटी परिसर के आसपास मौजूद था।
आरोपियों की तलाश जारी
टोरंटो पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम गठित की गई है। फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और यूनिवर्सिटी प्रशासन भी स्थानीय पुलिस के संपर्क में है।
भारतीय समुदाय में दहशत
यह घटना टोरंटो में किसी भारतीय नागरिक की हत्या का दूसरा मामला बताया जा रहा है। इससे पहले 20 दिसंबर को 30 वर्षीय भारतीय महिला हिमांशी खुराना की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से भारतीय समुदाय में डर गहराता जा रहा है।
छात्रों ने उठाया सुरक्षा का मुद्दा
स्कारबोरो कैंपस के आसपास का इलाका घने जंगल से घिरा हुआ है। छात्रों का कहना है कि उन्होंने कई बार सुरक्षा बढ़ाने की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। देर रात कक्षाएं अटेंड करने वाले और पार्ट-टाइम नौकरी से लौटने वाले छात्र खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
हजारों भारतीय छात्र प्रभावित
टोरंटो यूनिवर्सिटी में 10 हजार से अधिक भारतीय छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। घटना के बाद कई छात्रों ने देर रात बाहर निकलने से परहेज करना शुरू कर दिया है। फिलहाल कनाडा में क्रिसमस वेकेशन चल रहा है, लेकिन लौटने वाले छात्रों में चिंता बढ़ गई है।