STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकगुरुवार, 26 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

मेरठ होटल बंधक मामला: मुठभेड़ के बाद आरोपी सलमान गिरफ्तार, पुलिस कार्रवाई में घायल

उत्तर प्रदेश के मेरठ में युवती को होटल में बंधक बनाने और दुष्कर्म के प्रयास के मामले में वांछित आरोपी सलमान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, 25 नवंबर को घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। भागने की कोशिश में वह निर्माणाधीन अंडरपास से नीचे गिरकर घायल हो गया। उसके पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

मुख्य बातें

  • मेरठ होटल बंधक मामला: पुलिस मुठभेड़ के बाद आरोपी सलमान गिरफ्तार
  • युवती को होटल में बंधक बनाने का आरोप, पुलिस ने सलमान को दबोचा
  • पुलिस को देखकर की फायरिंग, भागते समय पुल से गिरकर घायल हुआ आरोपी

MEERUT,26 NOV. 2026:

घेराबंदी के दौरान पुलिस पर फायरिंग का आरोप

मेरठ पुलिस के अनुसार, आरोपी सलमान पुत्र इमामुद्दीन रोहटा थाना क्षेत्र के शाहपुर जैननगर का निवासी है। वह सदर बाजार थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 273/2026 में वांछित था। 25 नवंबर को अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सलमान ग्राम नारहेड़ा के पास निर्माणाधीन अंडरपास के नजदीक मौजूद है। सूचना पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी।

भागने की कोशिश में पुल से नीचे गिरा आरोपी

पुलिस के मुताबिक, टीम को सामने देखकर सलमान ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। लेकिन वह निर्माणाधीन पुल पर चढ़कर भागने लगा। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया। उसके दाहिने पैर और बाएं हाथ में चोट आई। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर जिला अस्पताल पहुंचाया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के माफी मांगने का वीडियो भी सामने आया है।

तमंचा और कारतूस बरामद

पुलिस ने आरोपी की तलाशी के दौरान .315 बोर का एक अवैध तमंचा बरामद किया। उसके पास से एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी मिला। पुलिस के अनुसार, सलमान के खिलाफ सदर बाजार थाने में दर्ज मुकदमे में दुष्कर्म के प्रयास और एससी-एसटी एक्ट से जुड़े आरोप हैं। फिलहाल आरोपी का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है।

नौकरी दिलाने के बहाने होटल बुलाने का आरोप

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, गाजियाबाद की रहने वाली युवती की मुलाकात करीब एक साल पहले सलमान से हुई थी। दोनों एक निजी कंपनी में काम करते थे। इसी दौरान उनकी जान-पहचान हुई। हाल ही में युवती की शादी तय हो गई थी। इसके बाद उसने नौकरी छोड़ दी। आरोप है कि सलमान कई बार उससे मिलने की कोशिश कर रहा था, लेकिन युवती ने इनकार कर दिया।

होटल के कमरे में बंधक बनाने का आरोप

शिकायत के मुताबिक, युवती दो दिन पहले अपनी सहेली के घर मेरठ आई थी। इसकी जानकारी सलमान को हो गई। आरोप है कि उसने युवती को नौकरी दिलाने के बहाने मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद वह उसे आबूलेन मार्केट स्थित स्क्वायर होटल ले गया। युवती का आरोप है कि वहां उसे कमरे में बंधक बना लिया गया। आरोपी पर जबरन शादी के लिए दबाव बनाने और दुष्कर्म का प्रयास करने के आरोप भी लगाए गए हैं। युवती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था।

होटल से भागने की कोशिश का CCTV फुटेज सामने आया

घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें एक युवती सड़क की ओर भागती दिखाई देती है। उसके पीछे एक युवक भी आता है। फुटेज में युवक युवती को पकड़ता और सड़क पर गिराता नजर आता है। इसके बाद वह उसे वापस गली की ओर ले जाता दिखाई देता है। कुछ देर बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटती है। एक युवती पीड़िता को संभालती और पानी पिलाती नजर आती है। इस फुटेज को मामले की जांच में अहम साक्ष्य के तौर पर देखा जा सकता है।

आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं चार मुकदमे

पुलिस के मुताबिक, 29 वर्षीय सलमान के खिलाफ पहले से चार मुकदमे दर्ज हैं। ये मामले मेरठ के सदर बाजार और रोहटा थानों के अलावा गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाने में दर्ज बताए गए हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड में हत्या के प्रयास, एससी-एसटी एक्ट, धोखाधड़ी और कूटरचना से जुड़े मामले शामिल हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही होटल की घटना और मुठभेड़ से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस का पक्ष

पुलिस ने सलमान को दबोचा

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।